आमिर खान को गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ मिल रही शांति, पहली बार बयां किया हाल-ए-दिल
क्या है खबर?
आमिर खान ने अपनी निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर हाल ही में खुलकर बात की है। उन्होंने स्वीकार किया है कि वो अपनी मौजूदा गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ काफी खुश और सुकून में हैं। उन्होंने दिल खोलकर कहा कि वो खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें गौरी मिलीं। उनके साथ वो शांति और पूर्णता महसूस करते हैं। आमिर ने अपनी पूर्व पत्नियों, रीना दत्ता और किरण राव के साथ अपने रिश्तों पर भी बात की।
प्यार
"मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैं गौरी से मिला"
नवभारत टाइम्स से आमिर ने कहा, "मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैं गौरी स्प्रैट से मिला और हमारा रिश्ता साथ में शुरू हुआ। वो बहुत शानदार हैं, मैं उनके साथ शांति महसूस करता हूं। हालांक किरण राव और रीना दत्ता के साथ भी मेरा रिश्ता बहुत गहरा था, लेकिन बात नहीं बन पाई। मैं बहुत धन्य हूं कि गौरी मेरी जिंदगी में आईं। हम साथ में बहुत खुश हैं। मुझे लगता है अब जाके मैं मुकम्मल हुआ हूं।"
सुधार
मैं परफेक्शन में नहीं, गलतियों को सुधारने में यकीन रखता हूं- आमिर
आमिर ने बताया कि वो पूर्णता में विश्वास नहीं रखते और इस बात पर जोर दिया कि हर किसी से किसी न किसी मोड़ पर गलतियां होना तय है। उन्होंने कहा कि उन गलतियों को पहचानना और स्वीकार करना ही उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन को संवारने में सबसे महत्वपूर्ण रहा है। आमिर ने इस बात का भी अफसाेस जताया कि काम के प्रति अपनी अत्यधिक प्रतिबद्धता के कारण वो अपने परिवार और प्रियजनों के साथ वक्त नहीं बिता पाए।
तवज्जो
35 साल तक सिर्फ काम के नशे में चूर थे आमिर
आमिर बोले, "एक गलती, जिसे मैंने पहले ही सुधारना शुरू कर दिया है, वो है अपने करीबियों और रिश्तों को पर्याप्त समय न देना। मैं 30-35 सालों तक सिर्फ काम, फिल्म मेकिंग और एक्टिंग के नशे में चूर था। कोविड महामारी के दौरान मुझे अपनी जिंदगी का दोबारा आकलन करने का मौका मिला। उस समय मैं काम नहीं कर पा रहा था, तब अहसास हुआ कि मैंने बहुत कुछ खो दिया है और यह समय फिर कभी लौटकर नहीं आएगा।"
अलगाव
आमिर-रीना का शादी के 16 साल बाद हुआ तलाक
पहली पत्नी रीना संग आमिर का रिश्ता उनके मशहूर होने से बहुत पहले शुरू हुआ था। वे पड़ोसी थे और अक्सर अपनी खिड़कियों से एक-दूसरे को देखा करते थे। आखिरकार, दोनों ने साल 1986 में शादी की। रीना ने आमिर की पहली फिल्म 'कयामत से कयामत तक' में एक छोटी सी झलक भी दिखाई थी। साल 2002 में आमिर, रीना से अलग हो गए। रीना के साथ अपनी पहली शादी से आमिर के 2 बच्चे हैं जुनैद और आइरा खान।
रिश्ते
किरण राव से तलाक और गौरी की एंट्री
आमिर और उनकी दूसरी पत्नी, निर्देशक किरण राव ने साल 2005 में शादी की थी और 2021 में वे अलग हो गए। हालांकि, वे आज भी अपने बेटे आजाद की मिलकर परवरिश कर रहे हैं। पिछले साल मार्च में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर आमिर ने मुंबई में मीडिया के सामने अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट को सबसे मिलवाया था। तब से उन्हें कई कार्यक्रमों में गौरी के साथ देखा गया है।