आमिर खान बोले- रीना बच्चों को लेकर घर से गईं, पहली बार उसी दिन उठाई शराब
क्या है खबर?
आमिर खान ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वो कभी शराब को हाथ भी नहीं लगाते थे, लेकिन पहली पत्नी रीना दत्ता से तलाक के बाद वो गहरे सदमे में चले गए। इस दुख और अकेलेपन से जूझने के दौरान उन्हें शराब की लत लग गई, जिसने उनकी जिंदगी का एक कठिन दौर शुरू कर दिया था। क्या कुछ बोले आमिर, आइए जानते हैं।
अलगाव
खुद सुनाई जुदाई की दास्तां
आमिर ने एक शो में अपनी जिंदगी के उस मोड़ के बारे में बात की, जिसने उन्हें पूरी तरह बदलकर रख दिया। उन्होंने कहा, "जब तक रीना के साथ मेरा तलाक नहीं हुआ था, तब तक मैं बिल्कुल शराब न पीने वाला आदमी था, लेकिन जिस दिन वो बच्चों के साथ घर छोड़कर गई और मैं घर में बिल्कुल अकेला रह गया, तब मैंने पहली बार पीना शुरू किया। उस समय मैं अपनी भावनाओं को संभाल नहीं पा रहा था।"
खुलासा
पहले कभी शराब नहीं पीते थे आमिर
अभिनेता ने कहा कि तलाक से पहले उन्होंने कभी शराब नहीं पी थी। उन्होंने कहा, "मैं कभी शराब नहीं पीता था। मैंने एक-दो बार कुछ दृश्यों (सीन) के लिए शराब पी थी, लेकिन वो सिर्फ इसलिए, क्योंकि उस सीन की मांग थी। मेरा मतलब है कि मुझे शराब की बिल्कुल भी आदत नहीं थी।" हालांकि, आमिर ने बताया कि रीना के जाने के बाद अगले करीब डेढ़ साल तक वो हर रात लगभग एक पूरी बोतल शराब पी जाते थे।
लत
"तलाक के बाद डेढ़ साल तक हर रात पीता रहा एक बोतल शराब"
आमिर ने उस दौर को याद करते हुए कहा, "उस रात घर में मेहमानों के लिए शराब रखी हुई थी तो मैंने पीना शुरू कर दिया और फिर अगले डेढ़ साल तक मैं लगभग हर रात एक बोतल पी जाता था।" आमिर ने स्वीकार किया कि ये बहुत ज्यादा था, खासकर उस इंसान के लिए, जिसने कभी शराब न पी हो। वो बोले, "हर रात एक बोतल खत्म करने तक पहुंच जाना वास्तव में बहुत ही अति थी।"
रिश्ता
2 शादियां, 2 तलाक और फिर भी एक परिवार
इससे पहले 'कॉफी विद करण' में आमिर ने इस बात पर चर्चा की थी कि रीना दत्ता से उनके अलगाव का परिवार पर कितना गहरा भावनात्मक असर पड़ा था, भले ही उन्होंने आपसी सम्मान का रिश्ता बनाए रखा था। रीना से तलाक के बाद आमिर ने साल 2005 में किरण राव से शादी की थी। हालांकि, शादी के 16 साल बाद 2021 में आमिर और किरण भी एक-दूसरे से अलग हो गए। किरण के साथ भी उनकी दोस्ती बरकरार है।