कंगना रनौत को 'शिक्षा मंत्री' बनाने वाला नकली पोस्ट हुआ वायरल, दावे सुन उड़ेंगे होश
सोशल मीडिया पर एक 'फेक पोस्ट' तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि अभिनेत्री कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत का शिक्षा मंत्री बनाने की गुजारिश की है।
इसमें कुछ अजीबोगरीब सुधारों का भी जिक्र था। देखने में यह पोस्ट उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से आया हुआ लग रहा था, लेकिन यह सरासर झूठा निकला।
यह पूरा मामला तब सामने आया, जब धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दिया। उनके इस्तीफे की वजह परीक्षा से जुड़े घोटाले और छात्रों का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन बताया गया था।
AI से बने पोस्ट में कंगना के नाम से बोला गया झूठ
फिर पता चला कि यह पोस्ट AI की मदद से बनाया गया था। इस AI से बने पोस्ट में दावा किया गया था कि नीट (NEET) की परीक्षा देने वाले छात्रों को कंगना की फिल्में देखने पर ज्यादा अंक मिलने चाहिए।
इसमें कंगना की लगातार फ्लॉप हो रही फिल्मों को रोकने के बारे में भी मजाक उड़ाया गया था। सबसे हैरानी वाली बात तो यह थी कि AI ने कंगना के हवाले से यह भी लिख दिया था कि भारत को 2014 में आजादी मिली थी।
हालांकि, इस पूरे मामले पर कंगना की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कौन बना नया शिक्षा मंत्री
धर्मेंद्र के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद, प्रल्हाद जोशी को नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है।