चार्ल्स शोभराज की जगह अखबार ने छापी रणदीप हु्ड्डा की तस्वीर, अभिनेता ने किया ट्वीट
क्या है खबर?
बॉलीवुड में कई ऐसे दिग्गज अभिनेता हैं जो अपने किरदार में इस तरह ढल जाते हैं कि उन्हें पहचानना मुश्किल होता है।
राजकुमार राव का बोस, रणबीर कपूर का संजू, कुछ ऐसे किरदारों में से एक हैं जिनमें अभिनेता पूरी तरह डूब गए।
रणदीप हुड्डा ने भी फिल्म 'मैं और चार्ल्स' में कुछ ऐसा ही अभिनय किया था। इस फिल्म में उन्होंने बिकीनी किलर चार्ल्स शोभराज का किरदार निभाया था।
अब ट्विटर पर उन्होंने एक दिलचस्प वाकया शेयर किया है।
गलती
अखबार ने शोभराज की जगह छापी रणदीप की तस्वीर
सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने रिहा कर दिया है। स्वास्थ्य कारणों से शुक्रवार को उसे जेल से रिहा कर दिया गया।
इस खबर के साथ एक अखबार ने चार्ल्स की जगह चार्ल्स की भूमिका में रणदीप की तस्वीर छाप दी। तस्वीर में रणदीप चार्ल्स के लुक में हथकड़ी पहने नजर आ रहे हैं।
अब रणदीप ने खुद अखबार में इस खबर की तस्वीर शेयर की है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
रणदीप की फिल्म 'मैं और चार्ल्स' 2015 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में चार्ल्स की काली दुनिया को दिखाया गया था। फिल्म का निर्देशन प्रवाल रमन ने किया था।
प्रतिक्रिया
रणदीप ने ट्विटर पर शेयर की तस्वीर
रणदीप हुड्डा ने ट्विटर पर खबर की तस्वीर शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने दो अन्य तस्वीर शेयर की। इनमें से एक में वह चार्ल्स के किरदार में हथकड़ी लगाए नजर आ रहे हैं और दूसरी में चार्ल्स की असली तस्वीर है।
इन तस्वीरों के साथ रणदीप ने पूछा, 'क्या यह परोक्ष रूप से मेरी तारीफ थी या आप सच में रील और रियल चार्ल्स शोभराज में कन्फ्यूज हो गए थे?'
ट्विटर पोस्ट
रणदीप का ट्वीट
Is that a back handed compliment @timesofindia or did you genuinely get confused between the "real" and “reel” Charles Sobhraj ? 🤔😜 pic.twitter.com/5Fa1DwMjra
— Randeep Hooda (@RandeepHooda) December 23, 2022
काम
हाल ही में रिलीज हुई है 'कैट'
9 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रणदीप की वेब सीरीज 'कैट' रिलीज हुई है।
वह वीर सावरकर की बायोपिक 'स्वतंत्रवीर सावरकर' में काम कर रहे हैं। इस साल सावरकर जयंती पर उन्होंने इस फिल्म का पोस्टर शेयर किया था। रणदीप इस फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं।
रणदीप 'सरबजीत', 'हाइवे', 'रंग रसिया' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए खूब वाहवाही बटोर चुके हैं।
निजी जीवन की बात करें तो वह अभिनेत्री-मॉडल लिन लैशराम को डेट कर रहे हैं।
चार्ल्स शोभराज
कौन है चार्ल्स शोभराज?
चार्ल्स शोभराज फ्रांस का नागरिक है। वह थाईलैंड, अफगानिस्तान, ईरान, हांगकांग समेत कई देशों की 20 से अधिक महिलाओं का हत्यारा है।
उसकी ज्यादातर शिकार के शव बिकिनी में मिले थे, इसलिए वह बिकिनी किलर के नाम से जाना जाने लगा।
2003 में वह नेपाल में गिरफ्तार हुआ था जिसके बाद उसे उम्रकैद की सजा मिली थी। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अब उसे रिहा कर दिया गया है।