
फिल्म '120 बहादुर' की हीरोइन बनीं राशि खन्ना, पहली बार फरहान अख्तर के साथ जमेगी जोड़ी
क्या है खबर?
पिछले काफी समय से अभिनेता, निर्देशक और निर्माता फरहान अख्तर फिल्म '120 बहादुर' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म से जुड़ीं अब तक कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं इसके जरिए फरहान पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने वाले हैं और अब खबर है कि इसमें अभिनेत्री राशि खन्ना को कास्ट कर लिया गया है। ये पहला मौका होगा, जब वह किसी फिल्म में फरहान के साथ नजर आएंगी। आइए जानें फिल्म से जुड़ीं क्या कुछ जानकारियां सामने आई हैं।
मौका
राशि काे कैसे मिली ये फिल्म?
हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, राशि को ये फिल्म पिछली फिल्मों में उनकी शानदार अदाकारी के बलबूते मिली है। पिछली बार विक्रांत मैसी अभिनीत 'द साबरमती रिपोर्ट' में उन्होंने दिल जीत लिए थे। इससे पहले आई फिल्म 'योद्धा' में भी राशि ने कमाल का काम किया था। निर्माताओं को पूरा यकीन है कि राशि एक देशभक्ति और दिल छू लेने वाली इस फिल्म की कहानी और अपने किरदार के साथ पूरा न्याय करेंगी। राशि इस कहानी में और गहराई लेकर आएगी।
फिल्म
फिल्म में मेजर शैतान सिंह बने हैं फरहान
राशि इस फिल्म में फरहान की जोड़ीदार बनी हैं और वह इससे जुड़कर बेहद उत्साहित हैं, लेकिन उनकी भूमिका को लेकर कोई जानकारी बाहर नहीं आई है। पिछले दिनों सुनने में आया था कि रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित इस फिल्म में अपनी भूमिका की तैयारी के लिए फरहान ने खुद को पूरी तरह झोंक दिया है। इसमें वह देश के लिए बलिदान देने वाले मेजर शैतान सिंह की भूमिका में नजर आएंगे।
आगाज
कब रिलीज होगी फिल्म?
'120 बहादुर' उस बहादुरी की कहानी दिखाएगी, जब 120 भारतीय जवानों ने हजारों दुश्मनों का सामना करते हुए लद्दाख की रक्षा की थी। इस फिल्म की शूटिंग 14,000 फीट की ऊंचाई पर हुई, जहां तापमान अक्सर माइनस 5 से माइनस 10 डिग्री तक पहुंच जाता था। फरहान ने कहानी को जीवंत करने के लिए शारीरिक और मानसिक हर स्तर पर मेहनत की है। रजनीश घई के निर्देशन में बनी यह फिल्म 21 नवंबर, 2025 में सिनेमाघरों में आएगी।
करियर
साउथ से लेकर बॉलीवुड और OTT पर भी सक्रिय हैं राशि
राशि साउथ और हिंदी फिल्मों में काम कर रही हैं, वहीं OTT पर भी सक्रिय हैं। फिल्म 'मद्रास कैफे' से राशि ने बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें वह जॉन अब्राहम के साथ नजर आईं। इस फिल्म में अपनी सादगी और गंभीरता से उन्होंने अपनी जगह पक्की करने की कोशिश की। 34 साल की राशि को एक ओर जहां शाहिद कपूर के साथ वेब सीरीज 'फर्जी' में देखा गया, वहीं 'रूद्र' में वह अजय देवगन के साथ नजर आईं।