Page Loader
उत्तर प्रदेश: UPSSSC ने जारी की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पदों पर भर्ती परीक्षा की तारीख
8 मई को होगी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पदों पर भर्ती परीक्षा

उत्तर प्रदेश: UPSSSC ने जारी की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पदों पर भर्ती परीक्षा की तारीख

लेखन तौसीफ
Apr 06, 2022
07:30 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 9,000 से अधिक रिक्त पदों के लिए होने वाली परीक्षा का इंतजार कर रहीं अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने मंगलवार को महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता की भर्ती परीक्षा की घोषणा कर दी है। इस परीक्षा का आयोजन 8 मई को होगा। इन पदों के लिए आवेदन प्रकिया 15 दिसंबर, 2021 से लेकर 12 जनवरी, 2022 तक चली थी।

जानकारी

पहले 6 फरवरी को होनी थी परीक्षा

बता दें कि उत्तर प्रदेश में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता की भर्ती की मुख्य परीक्षा इससे पहले 6 फरवरी, 2022 को प्रस्तावित थी, लेकिन विधानसभा चुनाव और कोरोना वायरस महामारी के कारण आयोग ने परीक्षा को स्थगित कर दिया था।

आयोग

आयोग जल्द जारी करेगा प्रवेश पत्र

बता दें कि आयोग ने इस भर्ती की मुख्य परीक्षा के लिए पिछले वर्ष आयोजित हुई प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2021 में शून्य से अधिक नार्मलाइज्ड स्कोर प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का चयन करने का निर्णय किया है। मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी किए जाने और परीक्षा शुल्क जमा करने के बारे में अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अलग से अब जल्द ही सूचित कर दिया जाएगा।

भर्ती

किस वर्ग के लिए कितने पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती के माध्यम से कुल 9,212 पदों पर चयन होगा। इसमें जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए 4,865 सीटें रखी गई हैं। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 1,660 सीटें, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 921 सीटें, अनुसूचित जाति (SC) के 1,346 सीटें और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 420 सीटें होंगी। इस परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिफिकेशन पढ़ सकते हैं।

UPSSSC

100 दिनों के अंदर भर्ती प्रक्रिया पूरी करेगा UPSSSC

रिपोर्ट्स के मुताबिक, UPSSSC अगले 100 दिनों के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर सकता है। आयोग के चैयरमैन प्रवीर कुमार ने कहा कि 100 दिनों के भीतर स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 9,212 पदों के लिए परीक्षा का आयोजन करके इसका रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस भर्ती के लिए दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने में थोड़ा और समय लग सकता है।