Page Loader
UPSC: कैसे लिखें मुख्य परीक्षा के उत्तर? IFS अधिकारी ने बताए उपयोगी टिप्स
UPSC: कैसे लिखें मुख्य परीक्षा के उत्तर?

UPSC: कैसे लिखें मुख्य परीक्षा के उत्तर? IFS अधिकारी ने बताए उपयोगी टिप्स

लेखन राशि
Dec 29, 2023
04:01 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा (CSE) में दूसरा चरण यानि मुख्य परीक्षा सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। इसमें उम्मीदवारों को विवरणात्मक उत्तर देने होते हैं। लगातार मेहनत के बावजूद भी कई उम्मीदवार इस चरण में सफल नहीं हो पाते। भारतीय वन सेवा अधिकारी (IFS) हिमांशु त्यागी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तर लेखन के लिए कुछ महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए हैं, जिन्हें अपनाकर उम्मीदवार अपना लेखन कौशल सुधार सकते हैं।

#1

प्रश्नों का विश्लेषण करें

IFS अधिकारी के मुताबिक, अभ्यर्थियों को सभी प्रश्नों को ध्यान से पढ़ना चाहिए। प्रश्न की मांग के अनुसार उसे मुख्य भागों में बांटना चाहिए। अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थी प्रत्येक भाग का गहराई से विश्लेषण करें। आप उसमें क्या-क्या जानकारियां शामिल कर सकते हैं, इसके बारे में रूपरेखा बनाएं। मानसिक रूपरेखा बनाने के बाद ही किसी भी उत्तर को लिखना शुरू करें। प्रश्नों में दिए गए कीवर्ड्स पर विशेष ध्यान दें।

#2

सरल संरचना में लिखें

IFS अधिकारी ने तार्किक रूप से उत्तर व्यवस्थित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि परिचय से अपने उत्तर की शुरुआत करें। इसमें विषय की बुनियादी जानकारी लिखें। डेटा, तथ्य, हाल की घटनाएं, परिभाषा और उदाहरणों का उपयोग करें। मुख्य भाग में अपना उत्तर स्पष्ट और केंद्रित रखें। जटिल विचारों को व्यक्त करने के लिए सरल भाषा का उपयोग करें। निष्कर्ष, भविष्य के लिए एक प्रकार का दृष्टिकोण होता है और उसमें हमेशा उपयोगी सलाह को शामिल करें।

#3

प्रस्तुति में सुधार करें

IFS अधिकारी ने उम्मीदवारों को उत्तर की प्रस्तुति में सुधार करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि जहां लागू हो, उम्मीदवार चित्र या फ्लोचार्ट जरूर बनाएं। ये आपके उत्तर की समझ और प्रभाव को बढ़ा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि उम्मीदवार सामान्य अध्ययन पेपर 1 में मानचित्र, आरेख शामिल करें। पेपर 2 में निर्णय, लेख, समिति रिपोर्ट लिखें। पेपर 3 और 4 में फ्लोचार्ट पर फोकस करें। हालांकि, कम समय होने पर चित्र बनाना जरूरी नहीं है।

#4

अप्रासंगिक चीजें न लिखें

कई बार उम्मीदवार निर्धारित शब्दों में उत्तर लिखने के लिए अप्रासंगिक जानकारियां भी शामिल कर देते हैं, लेकिन आप ऐसा करने से बचें। उम्मीदवार उत्तर लिखते समय केवल प्रमुख तथ्यों पर जोर दें। संक्षिप्त शीर्षकों का उपयोग करें और अप्रासंगिक जानकारियों को हटाएं। सभी महत्वपूर्ण तथ्यों और आंकड़ों को रेखांकित करने का प्रयास करें। निबंध को निर्धारित शब्दों में लिखने के लिए उम्मीदवार अपने व्यक्तिगत जीवन के उदाहरण और वर्तमान घटनाओं के बारे में लिख सकते हैं।

जानकारी

अभ्यास करें

उत्तर लेखन का लगातार अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण है। उम्मीदवारों को पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करना चाहिए और फीडबैक प्राप्त करना चाहिए। उम्मीदवार अपनी जानकारियों को सटीक रखें और केवल उसका उत्तर दें, जो प्रश्न में पूछा गया है।