LOADING...
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी, राजस्‍थान के अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी, राजस्‍थान के अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर

Mar 06, 2026
03:04 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अपना अंतिम परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। अभ्यर्थी अपना परीक्षा परिणाम UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देख सकते हैं। इसके साथ ही UPSC ने शीर्ष प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी है। परीक्षा में राजस्थान के कोटा जिले के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान प्राप्त किया है। अभ्यर्थियों के अंक 15 दिन बाद जारी किए जाएंगे।

टॉपर

शीर्ष-10 में इन उम्मीदवारों ने बनाई जगह

शीर्ष 10 में राजस्थान के कोटा जिला निवासी अनुज अग्निहोत्री ने पहले, राजेश्वरी सुवे एम दूसरे, अकांश ढुल तीसरे, राघव झुनझुनवाला चौथे, ईशान भटनागर 5वें, जिनिया अरोरा छठे, एआर राजा मोहिदीन 7वें, पाक्शाल सचिव 8वें, आस्था जैन नवें और उज्ज्वल प्रियांक 10वें स्थान पर रहे हैं। शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों में विभिन्न शैक्षणिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि के उम्मीदवार शामिल हैं, जो परीक्षा की प्रतिस्पर्धी और राष्ट्रीय प्रकृति को दर्शाते हैं।

चयन

1,087 उम्मीदवारों का हुआ चयन

UPSC की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इस परीक्षा के जरिये कुल 1,087 उम्मीदवारों का चयन किया गया है, जिसमें सामान्य श्रेणी के कुल 446 उम्मीदवार, आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (EWS) के 104 उम्मीदवार, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 306 उम्मीदवार, अनुसूचित जाति (SC) के 158 उम्मीदवार और अनुसूचित जनजाति (ST) के कुल 73 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। शीर्ष 10 में स्थान पाने वाले में 3 लड़कियां भी अपनी जगह बनाने में सफल रही हैं।

Advertisement

IAS

180 उम्मीदवारों को IAS के लिए हुआ चयन

अधिसूचना के अनुसार, चयनित कुल 958 उम्मीदवारों में 180 का भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चयन हुआ है। इसी तरह 150 उम्मीदवारों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS), 55 का भारतीय विदेश सेवा (IFS), 507 उम्मीदवारों को केंद्रीय सेवा ग्रुप-A और 195 का ग्रुप-B सेवा के लिए चयन किया गया है। UPSC की ओर से प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 25 मई, 2025 को किया गया था। उसके बाद 22 से 31 अगस्त, 2025 के बीच मुख्य परीक्षा आयोजित हुई थी।

Advertisement

प्रशिक्षण

अब चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा

परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब प्रशिक्षण के लिए देश के सबसे बेहतरीन अकादमी में भेजा जाएगा। इसमें IAS अधिकारियों के लिए उत्तराखंड के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और IPS अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए तेलंगाना के हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) भेजा जाएगा। दूसरी संबंधित सेवाओं के लिए अन्य विशिष्ट अकादमियों जैसे प्रमुख संस्थानों में कठोर प्रशिक्षण से गुजरना होगा।

नियम

इसी साल बदले थे IAS-IPS कैडर आवंटन नियम

सरकार ने UPSC कैडर आवंटन के लिए 2017 से चली आ रही 'जोन सिस्टम' की व्यवस्था को खत्म कर दिया है। इसकी जगह नई 'कैडर आवंटन नीति 2026' लागू कर दी गई है। इसके तहत अब 'साइकिल सिस्टम' के जरिए अधिकारियों के कैडर का बंटवारा होगा। ये नीति IAS, IPS और IFS के लिए चयनित उम्‍मीदवारों पर लागू होगी। UPSC ने सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 25 कैडर बनाए थे। इन्‍हें 5 जोन में बांटा गया था।

Advertisement