
साल 2025 में 18 लाख पहुंची विदेश में पढ़ने वाले भारतीयों की संख्या, कनाडा पहली पसंद
क्या है खबर?
उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले भारतीयों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यही कारण है कि यह संख्या साल 2023 के 15 लाख के मुकाबले 2025 में 18 लाख तक पहुंच गई है। कनाडा के साथ राजनीतिक तलखी के बाद भी वह शिक्षा के लिए भारतीयों की पहली पसंद बना हुआ है। इसी तरह ब्रिटेन और अमेरिका के प्रति भी भारतीयों का रुझान बढ़ रहा है। विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।
रिपोर्ट
विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट में क्या कहा गया है?
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों और विभिन्न आंतरिक शिक्षा निकायों की पुष्टि के अनुसार, 2025 में विदेश में अध्ययन करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 18 लाख पहुंच गई है। यह 2023 में 13 लाख थी। कनाडा और यूनाइटेड किंगडम (UK) भारतीय छात्रों की पहली पसंद हैं, लेकिन वहां अब नामांकन में थोड़ी कमी देखी गई है। साल 2024 में कनाडा में 1.37 लाख और UK में 98,890 भारतीय छात्र अध्ययन कर रहे थे।
अमेरिका
अमेरिका के प्रति भी बढ़ रही है रुचि
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में पिछले वर्ष 3.31 लाख भारतीय छात्रों ने अध्ययन किया, जो 2023 से 23 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में भारत ने अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की संख्या के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया। जर्मनी और आयरलैंड में भी भारतीय छात्रों के नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। साल 2023-2024 में जर्मनी में लगभग 49,483 और ऑस्ट्रेलिया में 7,000 से अधिक छात्र अध्ययन करने के लिए पहुंचे थे।