Page Loader
SSC: दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के लगभग 2,000 पदों पर निकली भर्ती
दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के 2,000 पदों पर निकली भर्ती।

SSC: दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के लगभग 2,000 पदों पर निकली भर्ती

लेखन तौसीफ
Jul 09, 2022
06:14 pm

क्या है खबर?

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए नोटिस जारी किया है। नोटिफिकेशन के अनुसार, दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल (ड्राइवर) और हेड कांस्टेबल के 1,998 पदों को भरा जाना है। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इसकी आखिरी तारीख 29 जलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

पद

हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के कितने पदों पर भर्ती होगी?

कांस्टेबल: इसमें 1,411 पदों पर भर्ती होगी। जिसमें सामान्य वर्ग के 604, EWS 142, OBC 353, SC 262 और ST के 50 पदों पर भर्ती होगी। हेड कॉन्स्टेबल: पुरूष के 573 पदों में सामान्य वर्ग के 213 पद, EWS 58, OBC 128, SC 106, ST 68 पद निर्धारित हैं। इसके अलावा महिला के लिए 284 पदों में सामान्य वर्ग के लिए 107 पद, EWS 29, OBC 63, SC 52 और ST के 33 पद निर्धारित हैं।

योग्यता

शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?

कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 12 पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास भारी मोटर वाहन चलाने का लाइसेंस होना चाहिए। हेड कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित और विज्ञान विषय के साथ कक्षा 12 पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास 15 मिनट में 1,000 की-डिप्रेशन टाइपिंग की प्रैक्टिस होनी चाहिए।

चयन

चयन प्रक्रिया क्या होगी?

कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के पदों पर भर्ती की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा, दूसरे चरण में फिजिकल टेस्ट और तीसरे चरण में कौशल टेस्ट होगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल किया जाएगा। इन सभी चरणों को पास करने वाले उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। बता दें कि आयोग लिखित परीक्षा यानी कंप्यूटर आधारित परीक्षा का आयोजन अक्टूबर में करेगा।

आयु सीमा

भर्ती के लिए आवश्यक आयु सीमा और आवेदन शुल्क?

आयु सीमा: हेड कांस्टेबल के पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए और कांस्टेबल के पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क: इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क है।

आवेदन

कैसे करें आवेदन?

सबसे पहले SSC की वेबसाइट www.ssc.nic.in पर जाएं। अब होम पेज पर संबंधित भर्ती के आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद मांगी गई जानकारी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करें और अपनी ID और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करें। अब आवेदन पत्र भरें और जरूरी दस्तावेजों को अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान करें और सबमिट करें। कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल की भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन पढ़ सकते हैं।