Page Loader
बोर्ड परीक्षा में 15 दिन शेष, टॉपर्स की तरह रिवीजन करने के लिए अपनाएं ये टिप्स
बोर्ड परीक्षा में रिवीजन के लिए उपयोगी टिप्स (तस्वीरः फ्रीपिक)

बोर्ड परीक्षा में 15 दिन शेष, टॉपर्स की तरह रिवीजन करने के लिए अपनाएं ये टिप्स

लेखन राशि
Jan 31, 2024
10:45 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होने वाली है। ऐसे में सभी परीक्षार्थी पूरी मेहनत के साथ तैयारी में जुटे हैं। अंतिम समय में परीक्षा की तैयारी के लिए रिवीजन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में सभी उम्मीदवार सही रणनीति के साथ रिवीजन में जुट जाएं ताकि वे टॉपर्स की तरह अच्छे अंक ला सकें। आइए आखिरी समय में प्रभावी रिवीजन करने के लिए उपयोगी टिप्स जानते हैं।

प्राथमिकता

विषयों को प्राथमिकता दें

अब परीक्षा में केवल 15 दिन का समय शेष है। ऐसे में प्राथमिकता के आधार पर विषयों का रिवीजन करें। रिवीजन का क्रम सही रखें यानि सबसे आखिरी पेपर के विषय से शुरू करते हुए पहले पेपर तक जाएं। इस तरह आप बाद के पेपरों के लिए भी अच्छी तरह तैयार हो सकेंगे। उम्मीदवार कठिन विषयों के रिवीजन के लिए ज्यादा समय दें और प्रत्येक विषय में अपनी ताकत और कमजोरियों को पहचानें।

NCERT

NCERT किताबों और नोट्स से पढ़ें

रिवीजन के दौरान पूरी तरह से NCERT किताबों पर टिके रहें। मुख्य अवधारणाओं, रेखाचित्रों और हल किए गए उदाहरणों को अच्छी तरह से दोहराएं। आखिरी समय में संदर्भ पुस्तकों से रिवीजन करने की गलती न करें। किताबों में कई सारी जानकारियां एक साथ होती हैं, इसके चलते छात्र भ्रमित हो जाते हैं। ऐसे में नोट्स से रिवीजन करना उपयोगी होता है। उम्मीदवार कठिन और महत्वपूर्ण तथ्यों के संक्षिप्त नोट्स बना लें, इससे परीक्षा वाले दिन त्वरित रिवीजन करना आसान रहेगा।

सक्रिय

डूडलर और पॉडकास्टर तकनीक अपनाएं

उम्मीदवार रिवीजन के लिए डूडलर तकनीक अपनाएं, इसमें छात्र मुश्किल अध्यायों को समझने के लिए अपने ढंग से रेखाचित्र और माइंडमैप बनाते हैं। प्रत्येक जानकारियों के चित्र बनाना भी जरूरी नहीं है। उम्मीदवार इंटरनेट पर विषय से जुड़े इंफोग्राफिक ढूंढकर रिवीजन कर सकते हैं। रिवीजन के लिए पॉडकास्टर तकनीक भी उपयोगी है। उम्मीदवार विभिन्न विषयों पर ऑडियोबुक्स या पॉडकास्ट सुनकर रिवीजन कर सकते हैं। इससे काम करते हुए भी पढ़ाई करने में मदद मिलती है।

लिखकर

लिखकर करें रिवीजन

प्रत्येक विषय में कुछ कठिन अवधारणाएं होती हैं और अधिकांश उम्मीदवार इन्हें बार-बार भूलने की समस्या का सामना करते हैं। ऐसी जानकारियों का रिवीजन लिखकर करें। अभ्यर्थी छोटे-छोटे नोट्स बनाएं और स्टडी टेबल के सामने चिपका लें। उम्मीदवार एक पेज में 3 खंड बनाएं। पहले खंड में मुश्किल सवाल, दूसरे खंड में उसका जबाव और तीसरे खंड में बार-बार भूलने वाली जानकारियां लिखें। ये रिवीजन का परंपरागत तरीका है और अधिकांश टॉपर्स इसका उपयोग करते हैं।

जानकारी

पिछले साल के प्रश्नपत्र हल करें

पिछले साल के प्रश्नपत्र और सैंपल पेपर को हल करना रिवीजन का अच्छा तरीका है। उम्मीदवार सभी स्तर के सवालों को हल करें और उनके समाधान को भी पढ़ें। आप जिन भागों में गलतियां कर रहे हैं, उनसे संबंधित सूत्र और अवधारणाएं बार-बार पढ़ें।