परीक्षा पे चर्चा: प्रधानमंत्री छात्रों से बोले- सस्ते इंटरनेट के चक्कर में समय बर्बाद न करें
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 'परीक्षा पे चर्चा' के दौरान नई दिल्ली में छात्रों से मुलाकात की और उनको इंटरनेट के प्रति आगाह किया। प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि भारत में इंटरनेट सस्ता है, सिर्फ इसलिए अपना समय बर्बाद न करें। इस बीच, उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग को एक कौशल बताया, लेकिन सट्टेबाजी से जुड़े ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स से बचने की सलाह दी। बता दें कि इस साल प्रधानमंत्री मोदी के 'परीक्षा पे चर्चा' का यह नौवां संस्करण है।
बातचीत
ऑनलाइन गेमिंग को लेकर क्या बोले मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑनलाइन गेमिंग को लेकर कहा, "गेमिंग में अगर रुचि है तो अच्छी चीज है, इसमें कभी संकोच नहीं कीजिए, लेकिन भारत में इंटरनेट सस्ता है, इसलिए समय बर्बाद न करें। मैंने सट्टेबाजी के खिलाफ कानून बनाया है। हम सट्टेबाजी नहीं होने देंगे। लेकिन गेमिंग एक कौशल है। इसमें स्पीड भी शामिल होती है, इसलिए यह आपके विकास के लिए अच्छा है। लेकिन सबसे अच्छी गुणवत्ता के गेम को चुनकर अपनी विशेषज्ञता खोजने की कोशिश करें।"
बातचीत
सपने न देखना एक अपराध है- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों के सपनों से जुड़े सवाल पर कहा, "सपने न देखना अपराध है, सपने देखने ही चाहिए, लेकिन सपनों को गुनगुनाते रहना, कभी काम नहीं आता। इसलिए, जीवन में कर्म को प्रधान बनाना चाहिए। आप जहां हैं, वहां आपको सफल होना है, तभी आगे जाएंगे। अगर आपको अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनना है तो आपको उसके बारे में पढ़ना-जानना होगा। टीवी पर उसका खास कार्यक्रम देखना चाहिए। तब विचार आपका पनपेगा। सपने लोगों को न बताएं, लेकिन लिखकर रखें।"
संतुलन
जीवन में संतुलन जरूरी- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी एक छात्र द्वारा पूछे गए सवाल कौशल ज्यादा जरूरी है या अच्छे अंक पर कहा कि हर चीज में संतुलन होना बहुत जरूरी है, अगर संतुलन नहीं होगा तो एक तरफ झुककर गिरने का डर है। उन्होंने कहा कि कौशल भी 2 तरह की होती है, जिसमें एक जीवन का कौशल और दूसरा प्रोफेशनल कौशल है और दोनों चीजों पर ध्यान देना जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कौशल की शुरूआत ज्ञान से ही होती है।
जानकारी
रिकॉर्ड लोगों ने कराया पंजीकरण
'परीक्षा पे चर्चा' में प्रधानमंत्री मोदी बच्चों की स्कूली वार्षिक परीक्षा शुरू होने से पहले उनकी समस्याओं-जिज्ञासा को जानते और बातचीत करते हैं। इस बार, पंजीकरण के मामले में पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए और 45 लाख छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण कराया है।
इंटरनेट
इंटरनेट और गेमिंग बना एक प्रमुख मुद्दा
प्रधानमंत्री मोदी ने 'परीक्षा पे चर्चा' में गेमिंग कौशल पर बात कर उस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित किया, जिसमें बच्चे इसका अत्यधिक शिकार हैं। पिछले दिनों गाजियाबाद में 3 नाबालिग बहने ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में नौवीं मंजिल से कूदी थीं। इसी तरह, 2019 में, दुनियाभर में 'ब्लू व्हेल चैलेंज' में कई बच्चों की जान गई। हाल में ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, ग्रीस, फ्रांस समेत तमाम देश 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध लगा रहे हैं।
ट्विटर पोस्ट
परीक्षा पे चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की बच्चों से बातचीत
A wonderful discussion with students on approaching exams with confidence and positivity. Do watch this very special episode of Pariksha Pe Charcha!#ParikshaPeCharcha26 https://t.co/k7IN79qvek
— Narendra Modi (@narendramodi) February 6, 2026