Page Loader
छत्तीसगढ़: राहुल ने 5 विषयों में हासिल किए 100 में से 100 अंंक, ऐसे की पढ़ाई
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा: 10वीं के टॉपर राहुल यादव

छत्तीसगढ़: राहुल ने 5 विषयों में हासिल किए 100 में से 100 अंंक, ऐसे की पढ़ाई

लेखन राशि
May 10, 2023
06:41 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CGBSE) ने कक्षा 10 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। 10वीं में शीर्ष 3 टॉपर जशपुर के हैं। जशपुर के राहुल यादव ने पूरे प्रदेश में टॉप किया है, उन्होंने 600 में से 593 अंक हासिल किए हैं। उनके स्कूल के ही सिकंदर यादव ने 592 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। तीसरे स्थान पर जशपुर के सूरज पैंकरा और पिंकी यादव है, दोनों ने 589 अंक हासिल किए हैं।

राहुल

राहुल ने 5 विषयों में हासिल किए

राहुल ने हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और गणित में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। संस्कृत में उनके 93 नंबर आए हैं। राहुल ने अपनी पढ़ाई जशपुर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल से की है। उनके पिता रामेश्वर यादव किसान हैं और खेती-करते हैं, जबकि मां कौशल्या यादव गृहणी हैं। राहुल ने कम संसाधनों में अच्छी पढ़ाई की। उन्होंने पढ़ाई के लिए कोचिंग नहीं ली और खुद के स्तर पर पढ़ाई से यह मुकाम हासिल किया।

पढ़ाई

ऐसे पढ़ाई करते थे राहुल

राहुल ने बताया "मैं प्रतिदिन 5 से 6 घंटे पढ़ाई करता था और इस दिनचर्या को मैंने हमेशा अपनाया। पढ़ाई के लिए स्मार्ट तरीका अपनाया। मैंने पूरे पाठ्यक्रम को कठिन और सरल पाठों में बांट लिया था। मैं पहले कठिन पाठों की पढ़ाई करता था, उसके बाद सरल पाठ पढ़ता था।" राहुल ने अपने शिक्षकों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में परेशानी आने पर मैं शिक्षकों से ही मार्गदर्शन लेता था।

राहुल

डॉक्टर बनना चाहते हैं राहुल

राहुल का कहना है "मैं बायोलॉजी विषय से पढ़ाई करना चाहता हूं और आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहता हूं ताकि समाज की बेहतर तरीके से सेवा कर सकूं।" राहुल ने अन्य विद्यार्थियों को मेहनत से पढ़ाई करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान तनाव से दूर रहना जरूरी है। आखिरी समय में पढ़ने के बजाय मेहनत के साथ पूरे साल निरंतर पढ़ाई करें। इससे सफलता मिलने की संभवनाएं बढ़ेंगी।

10वीं

दूसरे स्थान पर आने वाले सिकंदर ने ऐसे की तैयारी

आत्मानंद स्कूल के ही सिकंदर यादव ने 10वीं में दूसरा स्थान हासिल किया है। सिकंदर ने बताया "मेरे अध्यापक ने बताया था कि हिंदी और संस्कृत में सबसे ज्यादा नंबर कटते हैं, ऐसे में मैंने इन्हीं विषयों पर सबसे ज्यादा जोर दिया। बार-बार अभ्यास किया। मेरे शिक्षकों ने मुझे सही मार्गदर्शन दिया।" सिकंदर को गणित और विज्ञान विषय पसंद है। वे आगे चलकर बायोलॉजी विषय से पढ़ाई करके NEET परीक्षा पास करना चाहते हैं।