बजट 2026: हर जिले में लड़कियों के लिए बनेगा छात्रावास, शिक्षा को लेकर हुई बढ़ी घोषणाएं
क्या है खबर?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार (1 फरवरी) को केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए शिक्षा से संबंधित कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें हर जिले में एक बालिका छात्रावास स्थापित करने, एक राष्ट्रीय आतिथ्य संस्थान स्थापित करने और देशभर में 5 नए विश्वविद्यालय टाउनशिप विकसित करने की योजना शामिल है। साथ ही मुंबई स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज को देश के 15,000 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में कंटेंट लैब स्थापित करने के लिए समर्थन देने का प्रस्ताव है।
विश्वविद्यालय टाउनशिप
विश्वविद्यालय टाउनशिप में क्या होगी सुविधा?
केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने भारतीय प्रबंधन संस्थानों (IIM) के सहयोग से 12 सप्ताह के कौशल पाठ्यक्रमों के माध्यम से 20 प्रतिष्ठित स्थलों पर 10,000 पर्यटक गाइडों को प्रशिक्षित करने की एक प्रायोगिक पहल की घोषणा की है। केंद्र सरकार ने प्रमुख औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों के पास 5 विश्वविद्यालय टाउनशिप के लिए समर्थन का प्रस्ताव रखा है। इन टाउनशिप में कई विश्वविद्यालय और कॉलेज होंगे। साथ ही आवासीय सुविधाएं और अनुसंधान इंफ्रास्ट्रक्चर भी होगा।
AIIMS
3 नए AIIMS होंगे स्थापित
बजट में वित्त मंत्री देशभर में 3 नए अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (AIIMS) स्थापित करने की भी घोषणा की है। सरकार ने राज्यों में मेडिकल हब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए ऐसे 5 हब के निर्माण में सहयोग देगी। सीतारमण ने पशु चिकित्सा महाविद्यालयों, अस्पतालों और निदान प्रयोगशालाओं के लिए ऋण-आधारित पूंजी सब्सिडी सहायता योजना और पूर्वी क्षेत्र में एक नए डिजाइन संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव रखा।