Page Loader
BPSC: 67वीं प्रारंभिक परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, ऐसे करें डाउनलोड
BPSC: 67वीं प्रारंभिक परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी

BPSC: 67वीं प्रारंभिक परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, ऐसे करें डाउनलोड

लेखन तौसीफ
Apr 25, 2022
08:30 pm

क्या है खबर?

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 67वीं प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। BPSC ने इस प्रारंभिक परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। आयोग के नोटिफिकेशन के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 8 मई, 2022 को होगा। जिन उम्मीदवारों ने BPSC की इस भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वह आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोजन

कैसा रहेगा परीक्षा का पैटर्न?

BPSC प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 8 मई, 2022 को दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे किया जाएगा। दो घंटे की परीक्षा में 150 सवाल पूछे जाएंगे और नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। ज्यादातर सवाल सामान्य अध्ययन से पूछे जाएंगे। इसके साथ ही भारतीय राजनीति, भूगोल और इतिहास विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस लिखित परीक्षा का आयोजन बिहार के 38 जिलों के 1,083 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

आवेदन

आयोग को छह लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए

इस बार BPSC को प्रारंभिक परीक्षा के लिए कुल 6,02,221 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कुल आवेदनों में महिला उम्मीदवारों की संख्या 1,82,545 है, यानि 30 प्रतिशत से अधिक आवेदन महिलाओं के हैं। BPSC की 62वीं परीक्षा में महिलाओं की भागीदारी मात्र 17 प्रतिशत थी। वहीं 63वीं और 64वीं परीक्षाओं में महिलाओं के फॉर्म भरने का प्रतिशत बढ़कर क्रमशः 20 और 24 हो गया था। 65वीं और 66वीं परीक्षा के लिए 28 प्रतिशत से अधिक महिलाओं ने आवेदन किए थे।

भर्ती

802 पदों पर भर्ती करेगा BPSC

बता दें कि आयोग की तरफ से आयोजित इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से 16 विभागों में कुल 802 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोग ने 24 सिंतबर, 2021 को 67वीं BPSC के लिए आवेदन मांगे जाने का विज्ञापन जारी किया था। तब आयोग की तरफ से 555 सीटों के लिए आवेदन मांगे गए थे, लेकिन इस दौरान कई बार सीटें बढ़ीं और अब आयोग 802 पर भर्ती करेगा।

एडमिट कार्ड

एडमिट कार्ड कैसे डाउनलोड करें?

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले BPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bih.nic.in पर जाएं। अब होम पेज पर 'BPSC 67वीं प्रारंभिक एडमिट कार्ड 2022 डाउनलोड' के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अपना लॉगिन विवरण दर्ज करें और सबमिट पर क्लिक करें। अब आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा, इसमें दिए गए विवरण की जांच करें। अंत में एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और भविष्य के संदर्भों के लिए इसका प्रिंटआउट निकाल लें।