Page Loader
दीपिंदर गोयल: मध्यवर्गीय परिवार में जन्म से अरबपति बनने तक का सफर
दीपिंदर गोयल अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए हैं

दीपिंदर गोयल: मध्यवर्गीय परिवार में जन्म से अरबपति बनने तक का सफर

Jul 15, 2024
02:28 pm

क्या है खबर?

दीपिंदर गोयल जोमैटो के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हैं। मध्यवर्गीय परिवार में जन्में गोयल अपनी कड़ी मेहनत के बदौलत अब अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए हैं। उनका जन्म 26 जनवरी, 1983 को पंजाब के मुक्तसर में हुआ था। चंडीगढ़ के DAV कॉलेज से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद 2005 में उन्होंने IIT-दिल्ली में दाखिला लिया। यहां से उन्होंने गणित और कंप्यूटिंग में स्नातक और फिर परास्नातक की डिग्री हासिल की।

करियर

पढ़ाई के बाद यहां शुरू किया काम

अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद गोयल 2006 में एक वरिष्ठ सहयोगी सलाहकार के रूप में बैन एंड कंपनी में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्होंने रेस्टोरेंट के बारे में ऑनलाइन कम जानकारी उपलब्ध होने के कारण खाना ऑर्डर करते समय लोगों को होने वाली कठिनाइयों को देखा। इसके बाद 2008 में उन्होंने बैन में ही काम करने वाले अपने दोस्त पंकज चड्डा के साथ मिलकर www.foodiebay.com की शुरुआत की, जहां रेटोरेंट के बारे में जानकारी मिलती थी।

बदलाव

2009 में जोमैटो के रूप में रीब्रांड हुआ फूडीबे

फूडीबे बहुत तेजी से लोकप्रिय हुई और 2009 में इसे जोमैटो के रूप में रीब्रांड किया गया। इसके बाद जोमैटो ने स्मार्टफोन के चलन के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए अपनी तकनीकी को बढ़ाया और अपना ऐप लॉन्च किया। बता दें, जुलाई, 2023 से अभी तक कंपनी के शेयरों में 300 प्रतिशत से अधिक की प्रभावशाली वृद्धि देखी गई है। इसलिए ही गोयल की कुल संपत्ति 1 अरब डॉलर (8,300 करोड़ रुपये से अधिक) हो गई।

संपत्ति

गोयल के पास हैं कई लग्जरी कारें

गोयल शार्क टैंक इंडिया में जज भी हैं और उन्होंने बीरा 91, हाइपरट्रैक, टेराडो और स्क्वाड स्ट्रैक सहित विभिन्न स्टार्टअप में निवेश किया है। उनके पास जोमैटो में 4.24 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो लगभग 36.95 करोड़ शेयरों के बराबर है। दिल्ली के डेरा मंडी गांव में 79 करोड़ रुपये की उनकी 5 एकड़ जमीन भी है। उनके पास फेरारी रोमा (कीमत 4.5 करोड़ रुपये) और एस्टन मार्टिन DB12 (कीमत 4.6 करोड़ रुपये) जैसी कई लग्जरी कारें भी हैं।

रिश्ते

गोयल का निजी जीवन और रिश्ते

गोयल की पहली शादी 2007 में कंचन जोशी से हुई थी, जो वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय में गणित के प्रोफेसर के रूप में काम करती हैं। 2013 में वे सितारा नाम की एक बेटी के माता-पिता बने। हालांकि, कुछ साल पहले जोशी से वह अलग हो गए। इसी साल गोयल ने मैक्सिकन मॉडल और उद्यमी ग्रीसिया मुनोज से शादी की है। वह अब भारत में रहती हैं और लक्जरी उपभोक्ता उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपना स्टार्टअप चलाती हैं।