चीनी कंपनी ने हांगकांग में लॉन्च किया अलीबाबा के बाद सबसे बड़ा IPO
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डाटा सेंटर्स के लिए अहम पुर्जे बनाने वाली चीनी कंपनी झोंगजी इनोलाइट ने हांगकांग में 2019 में अलीबाबा के बाद से सबसे बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लॉन्च किया है। कंपनी ने 980 हांगकांग डॉलर (करीब 12,000 रुपये) प्रति शेयर के हिसाब से शेयर बेचकर कुल 6.81 अरब डॉलर (करीब 650 अरब रुपये) जुटाए हैं।
यह इस साल एशिया का दूसरा सबसे बड़ा IPO है। जुटाए गए इस पैसे का इस्तेमाल कंपनी रिसर्च और डेवलपमेंट में निवेश करने, फैक्ट्रियों का विस्तार करने, अन्य कंपनियों का अधिग्रहण करने और अपनी सप्लाई चेन को मजबूत बनाने के लिए करेगी।
पहली तिमाही में मुनाफा 4 गुना बढ़ा
झोंगजी इनोलाइट के शेयर 30 जुलाई से बाजार में कारोबार शुरू कर देंगे। अमेरिकी रक्षा विभाग ने भले ही उसे सैन्य गतिविधियों से जुड़ी कंपनी बताया है, लेकिन 2026 की शुरुआत में उसके कुल राजस्व का 60 फीसदी से ज्यादा हिस्सा अमेरिका से ही आया था।
कंपनी का कहना है कि इस लेबल से उसके कारोबार या शेयर ट्रेडिंग पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा करीब 4 गुना बढ़कर 93.41 करोड़ डॉलर (करीब 8,900 करोड़ रुपये) हो गया, जबकि राजस्व भी लगभग 3 गुना बढ़ गया।
यह उछाल उसके ऑप्टिकल ट्रांससीवर्स की भारी मांग के कारण आया है, जो क्लाउड कंप्यूटिंग से लेकर AI सिस्टम तक हर तरह की तकनीकों में इस्तेमाल होते हैं।