खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर ब्लिंकिंट-जेप्टो समेत कई जगह कार्रवाई
तेजी से डिलीवरी करने वाली दिग्गज कंपनियां जेप्टो और ब्लिंकिंट खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते मुश्किल में आ गई हैं।
कर्नाटक सरकार के अधिकारियों ने खराब सफाई और लेबलिंग संबंधी समस्याओं के कारण जेप्टो के होसकोटे गोदाम को बंद कर दिया है।
इसी तरह, महाराष्ट्र में ब्लिंकिंट के मलाड वेस्ट स्थित सुविधा केंद्र का संचालन रोक दिया गया है। वहां कॉकरोच और खराब खाना मिला था। दोनों राज्यों ने साफ किया है कि वे जनता तक असुरक्षित खाना नहीं पहुंचने देंगे।
रिलायंस रिटेल की भी हो रही जांच
मामला केवल बड़े ऐप तक ही सीमित नहीं है। बेंगलुरु में 3 इंदिरा रसोई की भी जांच की गई है। इनमें से एक रसोई को सील कर दिया गया है और बाकी सभी को कानूनी नोटिस भेजे गए हैं।
खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इतना ही नहीं महाराष्ट्र में रिलायंस रिटेल के एक आउटलेट की भी जांच-पड़ताल चल रही है, जहां पैकेट बंद मिठाई में कीड़े मिले थे।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो भी खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।