81 फीसदी बड़ी कंपनियां भर्तियों में कर रहीं AI का इस्तेमाल, सर्वे में खुलासा
जैपीहायर की एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसके मुताबिक 81 फीसदी बड़ी कंपनियां अपनी भर्ती प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रही हैं।
हालांकि, इनमें से सिर्फ 6.6 फीसदी कंपनियों ने ही AI को अपनी भर्ती की रणनीति में पूरी तरह से अपनाया है। इस सर्वे में शामिल ज्यादातर HR प्रमुख IT, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (BFSI), मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, ई-कॉमर्स और शिक्षा जैसे क्षेत्रों की उन बड़ी कंपनियों से थे, जिनमें 1,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं।
बायोडाटा छांटने में हो रहा सबसे ज्यादा इस्तेमाल
भर्ती में AI का इस्तेमाल करने में बड़ी कंपनियां सबसे आगे हैं। 58.3 फीसदी कंपनियों ने अपनी भर्ती प्रक्रिया के कई चरणों में AI को लागू कर दिया है।
इस तकनीक का सबसे ज्यादा इस्तेमाल नौकरी के विज्ञापन लिखने और बायोडाटा छांटने में हो रहा है। BFSI और IT/ITeS जैसे सेक्टर्स को इसके बड़े फायदे मिल रहे हैं।
BFSI कंपनियों ने बताया कि AI की मदद से 81.8 फीसदी मामलों में भर्ती का समय कम हुआ और करीब तीन चौथाई कंपनियों को बेहतर उम्मीदवार भी मिले।
हालांकि, AI को पूरी तरह से लागू करना हमेशा आसान नहीं होता। आधे से ज्यादा कंपनियों के प्रमुख मानते हैं कि यह अभी भी एक बड़ी चुनौती है, जिसे उन्हें हल करना है।