एलन मस्क का एक्स अब देगा बैंकिंग सुविधाएं, नया फीचर लॉन्च
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने अपने ऐप के अंदर एक्स मनी नाम का एक नया फीचर लॉन्च कर दिया है। यह फीचर बैंकिंग और पेमेंट से जुड़ी सुविधाएं देगा।
फिलहाल इसे सिर्फ अमेरिका के प्रीमियम और प्रीमियम प्लस यूजर्स के लिए शुरू किया गया है। यह एलन मस्क के उस बड़े सपने की दिशा में एक अहम कदम है, जिसमें वह एक्स को केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रखना चाहते।
वे चाहते हैं कि यह लोगों के चैट करने, पैसे भेजने और बैंकिंग से जुड़े हर काम के लिए एक खास प्लेटफॉर्म बन जाए।
जल्द मिलेगा क्रिप्टोकरेंसी सपोर्ट
एक्स मनी के जरिए यूजर्स को क्रॉस रिवर बैंक के माध्यम से FDIC-बीमित अकाउंट मिलते हैं। इस ऐप से आप आसानी से दोस्तों को पैसे भेज सकते हैं, बिल भर सकते हैं, फंड ट्रांसफर कर सकते हैं और तो और चेक भी मेल कर सकते हैं।
अगर, कोई प्रीमियम प्लस ग्राहक है तो उसे अपनी जमा राशि पर 6 फीसदी APY तक का ब्याज मिल सकता है। सुरक्षा के लिए इसमें पासकीज और ट्रांजैक्शन लिमिट जैसी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं।
अभी तक इसमें क्रिप्टोकरेंसी सपोर्ट नहीं है, लेकिन एक्स की टीम ने बताया है कि आगे चलकर स्टेबलकॉइंस को इसमें जोड़ा जा सकता है।
फिलहाल यह सेवा 41 अमेरिकी राज्यों में शुरू हो चुकी है, जबकि न्यूयॉर्क और मैसाचुसेट्स में इसकी मंजूरी का इंतजार है।