भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.74 पर पहुंच गया है, जो एक दिन पहले 92.91 पर था।
यह उछाल भारतीय शेयरों में आए नए विदेशी निवेश और घरेलू बाजारों में बढ़ते भरोसे की वजह से आया है। हालांकि, इस हफ्ते की शुरुआत में कुछ टेक्निकल बदलावों और बड़ी कंपनियों की तरफ से डॉलर की खरीद के चलते रुपये में थोड़ी गिरावट भी देखी गई थी।
रुपया मजबूत होने से आयातकों को फायदा, निर्यातकों को नुकसान
अगर आप विदेश में पढ़ाई करने या घूमने का सोच रहे हैं, तो मजबूत रुपया आपके लिए अच्छी खबर है। इससे आपके खर्च थोड़े कम हो सकते हैं। आयातकों को भी फायदा मिल सकता है, क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक्स और कच्चे तेल जैसी चीजें रुपये में सस्ती पड़ती हैं। हालांकि, यह फायदा कमोडिटी की कीमतों और बाजार में उसके असर पर निर्भर करता है। इसके साथ ही, जिन कंपनियों ने अमेरिकी डॉलर में कर्ज लिया है, उन्हें भी कम पैसा चुकाना पड़ेगा। वहीं, दूसरी तरफ निर्यातकों को परेशानी हो सकती है। जब वे अमेरिकी डॉलर को मजबूत रुपये में बदलते हैं, तो उनकी कमाई घट सकती है।
रुपये की चाल तेल की कीमतों और विदेशी निवेश पर टिकी
अब रुपये की चाल कैसी रहेगी, यह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी निवेशक भारत में कितना पैसा लगाते हैं, इस पर निर्भर करेगा। फिलहाल, यह बताता है कि निवेशक भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक सोच रखते हैं। लेकिन दुनिया भर में बनी अनिश्चितताओं के कारण हालात तेजी से बदल भी सकते हैं।