जेनसेन हुआंग के बाद कौन बन सकता है एनवीडिया का CEO?
क्या है खबर?
एनवीडिया में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी का बोर्ड जल्द बैठक कर CEO जेनसेन हुआंग के भविष्य पर चर्चा कर सकता है। बैठक में उन्हें पद से हटाने और उनकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपने जैसे विकल्पों पर विचार होने की संभावना है। हुआंग के कथित विवाहेतर संबंधों को लेकर उठे विवाद के बीच कंपनी के नेतृत्व पर सवाल खड़े हुए हैं।
इयान बक
इयान बक हो सकते हैं कंपनी के नए CEO
हुआंग की जगह लेने वाले संभावित नामों में इयान बक को आंतरिक दावेदार माना जा रहा है।
वह एनवीडिया में 22 साल से काम कर रहे हैं और कंपनी के डाटा सेंटर तथा कंप्यूटिंग कारोबार का नेतृत्व करते हैं। बक ने CUDA सॉफ्टवेयर विकसित करने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसने एनवीडिया के ग्राफिक्स प्रोसेसर को AI के लिए उपयोगी बनाया।
कंपनी के कारोबार और तकनीक की उनकी समझ उनके पक्ष में जा सकती है।
कोलेट क्रेस
कोलेट क्रेस को मिल सकती है अंतरिम जिम्मेदारी
कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस भी संभावित दावेदार हैं।
उन्होंने एनवीडिया में 13 साल बिताए हैं और इससे पहले सिस्को तथा माइक्रोसॉफ्ट में वित्त से जुड़े पदों पर काम किया था। कंपनी के प्रमुख अधिकारियों में उनकी पहचान है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग के पद छोड़ने की स्थिति में उन्हें स्थायी CEO के बजाय अंतरिम प्रमुख की जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनका अनुभव इस भूमिका में काम आ सकता है।
अन्य
मैडिसन हुआंग और दूसरी कंपनियों के प्रमुख भी दावेदार
हुआंग की बेटी मैडिसन हुआंग भी संभावित नामों में शामिल हैं।
वह एनवीडिया में फिजिकल AI के लिए उत्पाद मार्केटिंग की वरिष्ठ निदेशक हैं और कंपनी में बड़ी जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। इसके अलावा, गूगल क्लाउड के CEO थॉमस कुरियन और अमेजन वेब सर्विसेज के प्रमुख मैट गार्मन पर भी विचार हो सकता है।
हालांकि, कंपनी ने किसी उत्तराधिकारी का नाम घोषित नहीं किया है और अंतिम फैसला बोर्ड को करना होगा।