क्या होता है ई-पैन कार्ड? जानिए इसका लाभ और डाउनलोड करने का तरीका
क्या है खबर?
भारत में पैन कार्ड एक अहम पहचान दस्तावेज है, जिसका इस्तेमाल टैक्स और कई वित्तीय कामों में किया जाता है। इसकी मदद से इनकम टैक्स विभाग किसी व्यक्ति या संस्था के वित्तीय लेनदेन और टैक्स रिकॉर्ड को ट्रैक करता है। अब तकनीक के दौर में पैन कार्ड का डिजिटल वर्जन भी उपलब्ध है, जिसे ई-पैन कहा जाता है। इसे ऑनलाइन डाउनलोड करना आसान है और इसकी वैधता भी फिजिकल पैन कार्ड जितनी ही होती है।
ई-पैन
क्या होता है ई-पैन कार्ड?
ई-पैन आपके पैन की डिजिटल कॉपी है, जिसे इनकम टैक्स विभाग के आधिकारिक पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। यह PDF फॉर्मेट में मिलता है और इसमें वही सभी जानकारी होती है जो फिजिकल पैन कार्ड में होती है। अगर किसी व्यक्ति के पास पहले से पैन नंबर है या उसने पैन कार्ड के लिए आवेदन किया है, तो वह आसानी से अपना ई-पैन ऑनलाइन प्राप्त कर सकता है और जरूरत पड़ने पर ई-पैन कहीं भी दिखा सकता है।
फायदे
ई-पैन के फायदे और जरूरी दस्तावेज
ई-पैन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको हर समय फिजिकल कार्ड साथ रखने की जरूरत नहीं होती। आप अपने मोबाइल या कंप्यूटर में इसकी कॉपी सुरक्षित रख सकते हैं। इसके अलावा, ई-पैन पाने की फीस भी काफी कम होती है। इसे डाउनलोड करने के लिए आमतौर पर पैन नंबर, आधार नंबर और जन्म तिथि की जानकारी चाहिए होती है। अगर लागू हो तो कुछ मामलों में GSTN से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा सकती है।
#3
ई-पैन ऐसे करें आसानी से डाउनलोड
ई-पैन डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आपको इनकम टैक्स या प्रोटीन ई-गवर्नेंस पोर्टल पर जाना होता है। इसके बाद वहां पैन नंबर, आधार नंबर और जन्म से जुड़ी जानकारी दर्ज करनी होती है। फिर मोबाइल या ईमेल पर आए OTP से पहचान सत्यापित की जाती है। इसके बाद मामूली फीस का ऑनलाइन भुगतान करना होता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आप अपने डिवाइस में ई-पैन को आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।