सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक बनाने वाली वेव दे रही कर्मचारियों को करीब 800 करोड़ रुपये का ऑफर
सेल्फ ड्राइविंग वाली कारों की तकनीक पर काम करने वाली ब्रिटेन की स्टार्टअप वेव ने 1 जुलाई से 8.5 करोड़ डॉलर (करीब 800 करोड़ रुपये) का एक ऑफर शुरू किया है।
इसके तहत, कंपनी के कर्मचारियों को अपने कुछ शेयर बेचकर नकदी पाने का मौका मिलेगा।
माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया और उबर जैसे बड़े नाम इस कंपनी का साथ दे रहे हैं। यह ऑफर वेव के इस साल तय हुए 8.5 अरब डॉलर (करीब 800 अरब रुपये) के मूल्यांकन पर आधारित है।
कर्मचारियों की संख्या हुई दोगुनी
वेव ने 2024 में भी ऐसा ही एक ऑफर पेश किया था, जब उसने अपनी 1.05 अरब डॉलर (करीब 95 अरब रुपये) की सीरीज-C फंडिंग जुटाई थी।
पिछले एक साल में कंपनी ने अपनी टीम को दोगुना करते हुए कर्मचारियों की संख्या 1,200 कर दी है। अब 2026 के आखिर तक उबर के साथ रोबोटैक्सी पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी में है।
इसके अलावा, इसने 2027 से निसान की अगली जनरेशन के ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम में अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक लगाने की योजना बनाई है।
इसका मकसद ऐसी स्मार्ट और खुद चलने वाली कारें बनाना है, जो वास्तविक ड्राइविंग डाटा से लगातार सीखती रहें।