कौन हैं भारतीय मूल की विनिता गुप्ता, जिन्होंने नैस्डैक पर अमेरिकी कंपनी को लिस्ट कराया?
विनिता गुप्ता ने एक खास मुकाम हासिल किया है। वह सिलिकॉन वैली की एक कंपनी को पहली बार शेयर बाजार में लिस्ट करवाने वाली पहली भारतीय मूल की महिला बन गई हैं।
वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की से पढ़ी हैं। उन्होंने 1985 में डिजिटल लिंक कॉर्पोरेशन नाम की एक कंपनी शुरू की थी। 1994 आते-आते उनकी यह कंपनी नैस्डैक में लिस्ट हो गई थी, जो उस समय अपने आप में एक बड़ी बात थी।
उनकी कामयाबी आज भी उन लोगों को प्रेरित करती है जो इंजीनियर और एंटरप्रेन्योर बनना चाहते हैं, खासकर उन महिलाओं को जो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। इस खास उपलब्धि को देखते हुए, IIT रुड़की ने हाल ही में गुप्ता की कामयाबियों का जश्न मनाया।
पहले अनुभव हासिल करने की सलाह
अपनी पढ़ाई के दौरान विनिता UCLA के इंजीनियरिंग क्लास में अकेली छात्रा थीं। आज उनके नाम पर अमेरिका के 2 पेटेंट दर्ज हैं।
वह 'इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस' और 'पालो अल्टो मेडिकल फाउंडेशन' जैसे कई प्रतिष्ठित बोर्डों की सदस्य भी रही हैं।
दूसरी महिलाओं को सुझाव देते हुए विनिता कहती हैं कि कंपनी शुरू करने से पहले अच्छी तरह अनुभव लेना बहुत जरूरी है। साथ ही, करियर के दौरान हमेशा सीखते रहना चाहिए और मुश्किलों का एक-एक करके सामना करने का हौसला भी रखना चाहिए।