द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (TiE) बेंगलुरु के अध्यक्ष वेंक कृष्णन ने भारतीय IT कंपनियों से कहा है कि वे अपने गहरे उद्योग अनुभव का इस्तेमाल करके व्यावहारिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट बनाएं।
उनका मानना है कि जटिल सिस्टम को संभालने के दशकों के अनुभव से ये कंपनियां ऐसे AI ऐप बना सकती हैं, जो इंसानी क्षमताओं को टक्कर देंगे।
कृष्णन ने यह चेतावनी भी दी है कि अगले 3 से 5 सालों में पारंपरिक एंट्री-लेवल कोडिंग और क्वालिटी एश्योरेंस (QA) की नौकरियां खत्म हो सकती हैं।
AI कौशल पर ध्यान देने को कहा
कृष्णन ने सुझाव दिया है कि इंजीनियर जल्द से जल्द अपने AI कौशल को बढ़ाना शुरू कर दें। जो स्टार्टअप्स महंगे एडवांस AI मॉडल्स की लागत को लेकर चिंतित हैं, उन्हें कृष्णन ने सलाह दी है कि वे बड़े मॉडल्स खुद बनाने के बजाय उपयोगी ऐप बनाने पर ध्यान दें। उनका यह भी मानना है कि सब्सिडी या साझा संसाधन जैसी सरकारी मदद AI में उतरने वाली नई कंपनियों के लिए चीजों को आसान बना सकते हैं।