चीनी राबोटिक्स कंपनी यूनिट्री ला रही करीब 8,500 करोड़ रुपये का IPO
चीनी रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री अब अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) ला रही है। कंपनी का इरादा शंघाई स्टॉक एक्सचेंज पर इसके जरिए 90.40 करोड़ डॉलर (करीब 8,500 करोड़ रुपये) जुटाने का है। अगर, यह IPO कामयाब होता है तो यूनिट्री चीन की पहली ऐसी ह्यूमनॉइड रोबोट निर्माता बन जाएगी, जो सार्वजनिक तौर पर सूचीबद्ध होगी।
कंपनी ने एक शेयर की कीमत 150.8 युआन (करीब 2,100 रुपये) तय की है। इसके लिए सब्सक्रिप्शन सोमवार (10 अगस्त) से शुरू हो जाएगा।
पिछले साल आय हुई 4 गुना
2016 में हांगझोउ में इंजीनियर वांग शिंगशिंग ने यूनिट्री की शुरुआत की थी। शुरुआत में कंपनी ने रोबोट डॉग्स बनाए, लेकिन बाद में उसने अपने G1, H1 और R1 ह्यूमनॉइड रोबोट्स से दुनियाभर में खूब सुर्खियां बटोरीं। ये वही रोबोट्स हैं, जो सोशल मीडिया पर दौड़ते हुए या मार्शल आर्ट्स करते हुए दिखते हैं।
पिछले साल कंपनी की आय 4 गुना से भी ज्यादा बढ़कर लगभग 1.7 अरब युआन (करीब 25 अरब रुपये) तक पहुंच गई। इसकी कुल बिक्री का 40 फीसदी से ज्यादा हिस्सा विदेशों से आया था।
हालांकि, अभी भी ज्यादातर ह्यूमनॉइड रोबोट्स का इस्तेमाल केवल रिसर्च के लिए ही होता है। भरोसेमंद न होने की वजह से ये रोजमर्रा के कामों में ज्यादा इस्तेमाल नहीं किए जाते, लेकिन इस IPO के जरिए इन रोबोट्स को आम इस्तेमाल के ज्यादा करीब लाने में मदद मिल सकती है।