अमेरिका ने हाल ही में एनवीडिया और दूसरे एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स को दक्षिण-पूर्व एशिया के डाटा सेंटर्स में भेजने के नियमों को काफी सख्त कर दिया है।
अमेरिका चाहता है कि चीन की कंपनियां इन सबसे नई टेक्नोलॉजी तक न पहुंच पाएं, इसलिए यह कदम उठाया गया है।
इस फैसले के बाद से सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे देशों में स्थानीय डाटा सेंटर और चिप आपूर्तिकर्ताओं के शेयर की कीमतों में तुरंत गिरावट देखने को मिली है।
क्लाउड प्रोवाइडर्स के लिए होगी मुश्किल
क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर्स को अब नए अनुपालन नियमों के साथ तालमेल बिठाने में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसका सबसे पहला असर चीन के AI डेवलपर्स पर पड़ेगा। उन्हें कम कंप्यूटिंग रिसोर्स मिलेंगे और उनकी लागत भी बढ़ जाएगी, जिससे उनके प्रोजेक्ट्स की रफ्तार धीमी हो सकती है।
मलेशिया के वे डाटा सेंटर, जो अमेरिकी ग्राहकों के साथ काम करते हैं, वे शायद इन बदलावों को जल्दी अपना लेंगे, लेकिन जो सेंटर चीनी ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें लाइसेंस अप्रूव कराने में लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।