बजट 2026: निर्मला सीतामरण के पिटारे से पर्यटन के लिए काफी कुछ, जानिए क्या मिली सौगात
क्या है खबर?
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण के दौरान पर्यटन को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने पर्यटन गाइड के लिए 12-हफ्ते के हाइब्रिड ट्रेनिंग कोर्स शुरू करने की घोषणा की है, ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को शानदार अनुभव मिल सके। साथ ही पर्यटन और और गाइड स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए इमर्सिव स्टोरीटेलिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके 15 आर्कियोलॉजिकल साइट्स को जीवंत सांस्कृतिक डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है।
पर्यटन
अगले 5 साल में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनेंगे
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि अगले 5 सालों में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाए जाएंगे, जो यात्रा के साथ पर्यटन का प्रमुख स्त्रोत बनेगा। उत्तर प्रदेश के वाराणसी, और बिहार के पटना में एक शिप-रिपेयर इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही तटीय शिपिंग में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए एक तटीय कार्गो योजना का प्रस्ताव है औऱ भारत में समुद्री जहाजों के के निर्माण को मदद की जाएगी।
पर्यटन
मंदिर वाले शहरों में बढ़ेगा बुनियादी ढांचा
केंद्रीय वित्त मंत्री ने द्वितीय और तृतीय स्तर के शहरों में, जिनमें मंदिर वाले शहर भी शामिल हैं, वहां शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में 20,000 करोड़ रुपये के व्यय का प्रस्ताव रखा है। यह उनके आर्थिक क्षमता को उजागर करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। इस बजट से शहरों में सड़क, रेल और पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
बजट
विदेशी टूर पैकेज पर TCS रेट घटाया
सीतारमण ने बजट में विदेशी टूर पैकेज पर TCS रेट को 5 से 20 तक से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया है। इससे भारतीय पर्यटन क्षेत्र को काफी फायदा मिलने की संभावना है। इसके तहत यात्रा के दौरान किसी होटल में ठहरने या रहने या अन्य समान संबंधित व्यय सहित विशेष यात्रा कार्यक्रम पैकेज बिक्री पहले 10 लाख रुपये तक 5 प्रतिशत और 10 लाख से अधिक पर 20 प्रतिशत था। अब ये 2 प्रतिशत कर दिया गया है।
पर्यटन
राष्ट्रीय आतिथ्य संस्थान की स्थापना होगी
वित्त मंत्री ने बताया कि पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार सृजन, विदेशी मुद्रा आय और स्थानीय अर्थव्यवस्था का विस्तार करने में व्यापक भूमिका निभाने की क्षमता है। ऐसे में राष्ट्रीय होटल प्रबंधन और कैटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद के विकास के साथ राष्ट्रीय आतिथ्य संस्थान की स्थापना होगी। साथ ही, भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) के सहयोग से हाईब्रिड मोड में 12 सप्ताह के उच्च गुणवत्ता युक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम पाठयक्रम से 20 पर्यटन स्थलों में 10,000 गाइडों का कौशल सुधारा जाएगा।
पर्यटन
बर्ड वाचिंग के साथ हाइकिंग और ट्रैकिंग
विश्वस्तरीय हाइकिंग और ट्रैकिंग के लिए हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर के पूर्वी घाट में अराक्कू घाटी और पश्चिमी घाट में पोधीगई में मांउटेन ट्रेल, ओडिशा, कर्नाटक और केरल के तटीय क्षेत्रों में प्रमुख आश्रय स्थलों के पास टर्टल ट्रेल्स और आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में पुलिकट झील के किनारे बर्ड वाचिंग ट्रेल्स स्थापित की जाएगी। सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और विरासत महत्व वाले सभी सभी स्थानों के डिजिटल दस्तावेज तैयार करने के लिए नेशनल डेस्टिनेशन डिजिटल नॉलेज ग्रिड की स्थापना होगी।
सम्मेलन
भारत में इस साल होगा बिग कैट शिखर सम्मेलन
वित्त मंत्री ने बताया कि 2024 में भारत ने इंटरनेशनल बिग कैट गठबंधन की स्थापना की थी, जिसके तहत पहला वैश्विक बिग कैट शिखर सम्मेलन भारत में होगा। इसमें 95 देशों के प्रमुख और मंत्री संरक्षण की सामूहिक रणनीति पर चर्चा करेंगे। केंद्र लोधल, धौलावीरा, राखीगढी, अदिचनाल्लूर, सारनाथ, हस्तिनापुर और लेह जैसे 15 पुरातात्विक स्थलों को विशेष वॉक-वे के माध्यम से जनता के लिए खोल देगी। इन स्थलों को सरकार जीवंत और अनुभवजन्य सांस्कृतिक गंतव्य के रूप में विकसित करेगी।