LOADING...
केंद्र सरकार कहां से कमाती है पैसा और कहां खर्च करती है?
केंद्र सरकार अपनी कमाई का 21 प्रतिशत आयकर से कमाती है

केंद्र सरकार कहां से कमाती है पैसा और कहां खर्च करती है?

लेखन गजेंद्र
Feb 01, 2026
02:58 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में अपना 9वां बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने करीब 1 घंटा 26 मिनट तक भाषण दिया। संसद में बजट पेश करने से पहले इसकी तैयारी कई महीने पहले से शुरू होती है। बजट में नए वित्तीय वर्ष में सरकार कितना पैसा कहां खर्च करेगी, इसकी भी योजना बनाई जाती है। लेकिन केंद्र सरकार पैसा कमाती कहां से है और कहां-कहां खर्च करती है? आइए, जानते हैं।

आय

उधार और देनदारियों से होती है सबसे अधिक कमाई

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, केंद्र लगभग 9 स्त्रोत से कमाती है। इसमें सबसे ज्यादा कमाई उधार-देनदारियों से होती है, जो कुल आय का 24 प्रतिशत है। इसके बाद 21 प्रतिशत आयकर और 18 प्रतिशत निगम कर से मिलता है। 15 प्रतिशत आय वस्तु-सेवा कर (GST) और अन्य करों से होती है। गैर-राजस्व कर से 10 प्रतिशत, केंद्रीय उत्पाद शुल्क से 6 प्रतिशत, सीमा शुल्क से 4 प्रतिशत आय होती है। सबसे कम गैर-ऋण पूंजी प्राप्तियां से 2 प्रतिशत होती है।

खर्च

रक्षा पर 11 प्रतिशत खर्च करती है सरकार

आय के साथ केंद्र सरकार व्यय भी 9 जगह करती है, जिसमें सबसे अधिक 22 प्रतिशत राज्यों को कर के हिस्से के रूप में देती है। इसके बाद 20 प्रतिशत ब्याज भुगतान पर और 17 प्रतिशत केंद्रीय क्षेत्र योजना पर खर्च करती है। कुल बजट का 11 प्रतिशत रक्षा और 8 प्रतिशत केंद्रीय प्रायोजित योजना पर खर्च होता है। वित्त आयोग-अन्य स्थानांतरण और अन्य व्यय पर 7-7 प्रतिशत, सबसिडी पर 6 प्रतिशत और पेंशन पर 2 प्रतिशत खर्च करती है।

Advertisement