LOADING...
अपग्रेड विलय से पहले अनएकेडमी में बड़ा फेरबदल, सुमित जैन ने दिया इस्तीफा

अपग्रेड विलय से पहले अनएकेडमी में बड़ा फेरबदल, सुमित जैन ने दिया इस्तीफा

May 19, 2026
02:53 pm

क्या है खबर?

एडटेक कंपनी अनएकेडमी में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के टेस्ट-प्रेप बिजनेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुमित जैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका आखिरी कार्य दिवस 30 जून होगा। हालांकि, वह आगे भी सलाहकार के रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अनएकेडमी और रॉनी स्क्रूवाला की अपग्रेड एजुकेशन के बीच संभावित मर्जर की प्रक्रिया चल रही है।

इस्तीफा

मर्जर की खबरों के बीच इस्तीफा

अपग्रेड एजुकेशन अनएकेडमी का अधिग्रहण करीब 2,055 करोड़ रुपये में कर सकती है। यह रकम कंपनी की पिछली निजी वैल्यू के मुकाबले काफी कम है। जैन का जाना ऐसे समय पर हुआ है जब कंपनी बड़े बदलावों से गुजर रही है।पिछले साल गौरव मुंजाल ने रोजमर्रा के कामकाज से दूरी बना ली थी, जिसके बाद टेस्ट-प्रेप बिजनेस की जिम्मेदारी सुमित जैन को सौंपी गई थी। अब उनके जाने के बाद गौरव मुंजाल फिर से नेतृत्व संभाल सकते हैं।

भूमिका

ग्रैफी और ऑफलाइन बिजनेस में निभाई अहम भूमिका

मुंजाल ने कर्मचारियों के लिए जारी नोट में जैन के योगदान की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि जैन ने ग्रैफी को मजबूत और लाभदायक बिजनेस बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। इसके अलावा, उन्होंने अनएकेडमी के ऑफलाइन कारोबार को भी फायदे में पहुंचाने में मदद की। कंपनी ने बाद में ऑफलाइन बिजनेस को फ्रेंचाइजी मॉडल में बदल दिया। मुंजाल ने कहा कि जैन ने कंपनी के विकास में दो मजबूत स्तंभ तैयार किए, जिनका असर लंबे समय तक दिखाई देगा।

Advertisement

करियर

कई सफल कंपनियां बना चुके हैं जैन

IIT-रुड़की से पढ़ाई करने वाले जैन एक अनुभवी उद्यमी माने जाते हैं। उन्होंने ग्रैफी से पहले कॉमनफ्लोर और ओपनटॉक जैसी कंपनियां भी शुरू की थीं। बाद में इन दोनों कंपनियों का अधिग्रहण हो गया था। इसके बाद उन्होंने ग्रैफी नाम का प्लेटफॉर्म बनाया, जो क्रिएटर्स को ऑनलाइन कोर्स से कमाई करने में मदद करता था। अनएकेडमी ने कोविड महामारी के दौरान तेज विस्तार की रणनीति के तहत ग्रैफी समेत कई कंपनियों का अधिग्रहण किया था।

Advertisement