UAE की भारत में निवश बढ़ाने की योजना, AI समेत कई क्षेत्रों पर रहेगा जोर
संयुक्त अरब अमीरात (UAE), भारत में अपना निवेश बढ़ाने की तैयारी में है। इस बार उनका मुख्य जोर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), लॉजिस्टिक्स, फ़ूड सिक्योरिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों पर रहेगा।
UAE के निवेश मंत्रालय के मोहम्मद अलहावी ने अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान इस बात का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य UAE की आर्थिक शक्ति को भारत की प्रतिभा और विशाल बाजार से जोड़ना है।
करीब 2,400 अरब रुपये का किया निवेश
अलहावी ने बताया कि UAE और भारत का रिश्ता अब सिर्फ व्यापारिक लेन-देन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गहरे निवेश संबंधों की ओर बढ़ रहा है।
2000 से अब तक UAE ने भारत में कुल 25.6 अरब डॉलर का (करीब 2,400 अरब रुपये) निवेश किया है। यह भारत में खाड़ी देशों के कुल निवेश का लगभग 70 फीसदी हिस्सा है।
दोनों देशों के बीच व्यापार का आंकड़ा भी 100 अरब डॉलर (करीब 9,500 अरब रुपये) के पार जा चुका है और 2032 तक इसे 200 अरब डॉलर (करीब 19,000 अरब रुपये) तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके साथ ही, दोनों पक्ष भारतीय कंपनियों को भी UAE में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, ताकि उनके आर्थिक रिश्ते और ज्यादा मजबूत हो सकें।