ट्विंकल पेपर्स का IPO लॉन्च, 1 जुलाई तक आवेदन करने का मौका
पैकेजिंग प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी ट्विंकल पेपर्स का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) खुल चुका है। निवेशक इसमें 1 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
एक शेयर की कीमत 64 से 69 रुपये के बीच तय की गई है। इसमें निवेश करने के लिए आपको कम से कम 4,000 शेयर खरीदने होंगे। शेयर की 69 रुपये की कीमत के हिसाब से आपको कम से कम 2.76 लाख रुपये का निवेश करना होगा। यह शेयर 6 जुलाई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) में लिस्ट होने वाला है।
कंपनी के राजस्व में हो रही बढ़ोतरी
इस कंपनी की शुरुआत 1995 में हुई थी। यह फार्मा से लेकर फूड तक के उद्योगों के लिए कोरुगेटेड बॉक्स और HDPE ड्रम जैसी चीजें बनाती है।
ट्विंकल पेपर्स ने हाल में अच्छी बढ़त दर्ज की है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का राजस्व 58.75 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2025 में बढ़कर 83.98 करोड़ रुपये हो गया है। इसके साथ ही कंपनी का मुनाफा भी दोगुना हो गया है।
ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 13 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इससे लिस्टिंग के समय कुछ फायदे का संकेत मिलता है।