ट्रंप के पोस्ट बेचने के लिए TMTG ने पेश किया ट्रुथ API
ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप (TMTG) ने एक नया ट्रुथ API पेश किया है। इसके जरिए वॉल स्ट्रीट की कंपनियों को ट्रुथ सोशल के 10 सबसे प्रभावशाली अकाउंट्स के पोस्ट्स तक जल्दी और रियल-टाइम एक्सेस मिल सकेगा। इस सर्विस के लिए कंपनियों को हर महीने एक लाख डॉलर (करीब 90 लाख रुपये) चुकाने होंगे, हालांकि वे 3 साल का करार करती हैं तो यह कीमत 60,000 रुपये (57 लाख रुपये) प्रति महीने होगी।
TMTG का मानना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पोस्ट्स अक्सर मार्केट को प्रभावित करते हैं। इसी बात का फायदा उठाकर कंपनियों को ट्रेडिंग में बढ़त दिलाना इस सर्विस का मुख्य उद्देश्य है।
वाइडन और उनके समूह ने प्लान को अनैतिक बताया
इस प्लान से हर कोई खुश नहीं है। सीनेटर रॉन वाइडन और वॉचडॉग ग्रुप CREW जैसे आलोचकों ने इसे 'बहुत ही अनैतिक' बताया है।
उनका कहना है कि ट्रंप का मार्केट को प्रभावित करने वाले पोस्ट्स से पैसा कमाना और वॉल स्ट्रीट को खास सहूलियत देना सही नहीं है।
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि कानूनी तौर पर यह कोई उल्लंघन नहीं है। यह सर्विस एक अगस्त से शुरू हो जाएगी, वहीं TMTG के शेयर इस साल कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इनकी कीमत 27 फीसदी तक गिर चुकी है और अब कंपनी का कुल मूल्यांकन 2.7 अरब डॉलर (करीब 250 अरब रुपये) रह गया है।