अमेरिका-ईरान शांति समझौत से फिर बढ़ी सोना-चांदी की चमक
अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते के बाद पश्चिमी एशिया में तनाव कुछ कम हुआ है, जिसका असर सोना-चांदी की कीमतों पर साफ दिखा है।
सोने की कीमत में 2.24 फीसदी का उछाल आया और यह 4,333.90 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.32 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) पर पहुंच गया, वहीं चांदी भी 3.51 फीसदी चढ़कर 70.36 डॉलर प्रति औंस (करीब 2.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम) पर पहुंच गई।
अमेरिकी डॉलर कमजोर होने से दुनियाभर के खरीदारों के लिए ये कीमती धातुएं सस्ती हो गईं। साथ ही, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने महंगाई बढ़ने की चिंताओं को भी कुछ हद तक कम किया। इन दोनों वजहों से धातुओं को अच्छा फायदा मिला है।
फेड के निर्णय का कीमती धातुओं पर पड़ेगा असर
ब्याज दरें कम होने पर सोने की कीमत में अक्सर तेजी आती है। फिलहाल, बाजार में यह उम्मीद है कि फेडरल रिजर्व (फेड) ब्याज दरों में और बढ़ोतरी नहीं करेगा।
इसी वजह से सोने को फायदा मिल रहा है, वहीं चांदी को भी अच्छा समर्थन मिल रहा है क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक्स और सोलर पैनल जैसे उद्योगों में इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है।
जानकारों का कहना है कि अगर, पश्चिमी एशिया में तनाव फिर से बढ़ता है या महंगाई काबू में नहीं आती तो इन धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।