स्पेस-X के IPO की चर्चाओं ने अंतरिक्ष कंपनियों शेयरों को लगाए पंख
अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बुधवार (27 मई) जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। इसकी बड़ी वजह है स्पेस-X के आगामी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) की चर्चा।
इस खबर के आते ही निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे रेडवायर के शेयर 26 फीसदी और AST स्पेसमोबाइल के शेयर 13 फीसदी तक ऊपर चढ़ गए।
यह साफ दिखाता है कि निवेशक केवल स्पेस-X पर ही नहीं, बल्कि पूरे निजी अंतरिक्ष उद्योग के भविष्य पर बड़ा दांव लगा रहे हैं।
अस्थिरता की चेतावनी के बावजूद बढ़त का अनुमान
रॉकेट लैब, इंट्यूटिव मशींस और सैटेलोगिक जैसी दूसरी कंपनियां भी निवेशकों का ध्यान खींच रही हैं, क्योंकि विश्लेषकों को लगता है कि इस पूरे सेक्टर में अभी और बढ़ोतरी होगी।
नासा ने अपने एक नए चंद्र मिशन के लिए फायरफ्लाई एयरोस्पेस के स्पेसक्राफ्ट को चुना है, जिसके बाद इसके शेयर 19 फीसदी ऊपर चढ़ गए। सरकारी बजट भी इस सेक्टर को खूब बढ़ावा दे रहा है। US स्पेस फोर्स का 2027 तक का अनुमानित बजट 71 अरब डॉलर (करीब 6,400 अरब रुपये) है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि अंतरिक्ष से जुड़े शेयरों में निवेश करना अभी मुनाफे का सौदा है, लेकिन साथ ही वे चेतावनी भी देते हैं कि ऊंची कीमतों और बाजार में आने वाले उतार-चढ़ावों के चलते यह सफर थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है।