शेयर बाजार: निफ्टी में लगातार 7वें सत्र में गिरावट, सेंसेक्स 100 अंक लुढ़का
बुधवार (19 अगस्त) को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी रहा। निफ्टी में लगातार 7वें सत्र में गिरावट दर्ज की गई। इसकी वजह कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी रही है। यह उछाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद आया कि अमेरिका, ईरान के साथ किसी भी तरह की शांति वार्ता नहीं कर रहा है।
सुबह सेंसेक्स 100 से ज्यादा अंक गिरकर 77,139 पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 भी 41 से ज्यादा अंक गिरकर 24,114 पर पहुंच गया। बाजार के अन्य हिस्सों में भी गिरावट जारी रही। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स भी गिरावट के साथ खुले।
बड़े वित्तीय शेयरों में आई गिरावट
बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस जैसे बड़े वित्तीय शेयरों में एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और एशियन पेंट्स जैसे शेयरों में भी गिरावट देखी गई। दूसरी तरफ, HCL टेक और इंफोसिस जैसे IT शेयरों में बढ़त देखने को मिली।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और दुनियाभर में बॉन्ड यील्ड का बढ़ना बाजार को डगमगा रहा है। मध्य पूर्व में जारी तनाव और महंगाई की चिंताएं इसके पीछे की बड़ी वजहें हैं।
हालांकि, विश्लेषकों का कहना है कि अगर, अहम सपोर्ट स्तर बने रहते हैं तो भारत के मजबूत आर्थिक विकास की संभावना बाजार को जल्द ही पटरी पर ला सकती हैं।