सिम्बियोटेक फार्मालैब 24 अगस्त को लॉन्च करेगी 1,757 करोड़ रुपये का IPO
मध्य प्रदेश की फार्मा और बायोटेक कंपनी सिम्बियोटेक फार्मालैब अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 24 अगस्त को लॉन्च करने जा रही है।
कंपनी ने अपने शेयरों की कीमत 933-988 रुपये के बीच तय की है। निवेशक कम से कम 15 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं। इस IPO में 27 अगस्त तक आवेदन किया जा सकेगा।
उसका लक्ष्य है कि वह अधिकतम 1,757 करोड़ रुपये जुटाए। एंकर निवेशक को 21 अगस्त से ही शेयरों के लिए आवेदन करने का मौका मिलेगा।
150 करोड़ रुपये के नए शेयर होंगे जारी
इस निर्गम में 150 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारक 1,607 करोड़ रुपये तक के शेयर ऑफर फोर सेल (OFS) के जरिए बेचेंगे।
कंपनी 112.5 करोड़ रुपये का उपयोग आंशिक रूप से कर्ज चुकाने और अपनी सामान्य व्यावसायिक जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।
सिम्बियोटेक दुनियाभर में कॉर्टिकोस्टेरॉइड और स्टेरॉयडल हार्मोन के इंग्रीडिएंट्स बनाने में सबसे आगे है।
हालांकि, वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का मुनाफा थोड़ा कम हुआ है। इस दौरान कंपनी का राजस्व 5 फीसदी बढ़कर 751.6 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि शुद्ध लाभ में 3.3 फीसदी की गिरावट आई।