जून में 5 नए IPO से बाजार में बरसेंगे 900 करोड़ रुपये से ज्यादा
जून महीने की शुरुआत होते ही शेयर बाजार में हलचल दिखने लगी है। इस सप्ताह 5 नए आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) आने वाले हैं, जिनके जरिए 900 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी है।
3 सप्ताह के ब्रेक के बाद अब बड़े नाम भी मैदान में उतर रहे हैं। इन बड़े नामों में CMR ग्रीन टेक्नोलॉजीज 3 जून को 631 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है, वहीं हेक्सागन न्यूट्रिशन 5 जून को करीब 139 करोड़ रुपये का ऑफर-फॉर-सेल ला रही है।
SME सेगमेंट मे आएंगे कई निर्गम
छोटे और मध्यम उद्योगों (SME) के लिए भी यह हफ्ता काफी व्यस्त रहने वाला है। मेरिट्रोनिक्स का 70 करोड़ रुपये का IPO पहले से ही बाजार में है। इसके बाद 4 जून को वाह केमिकल्स अपना 13.45 करोड़ रुपये का निर्गम लाएगा और इस सप्ताह का आखिरी IPO जेनजई एनालिटिक्स का होगा, जो 54.8 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद से आ रहा है।
इसके अलावा, इस हफ्ते 3 और SME भी शेयर बाजार में पहली बार कदम रख रहे हैं। इनमें MR मणिविनी फूड्स (1 जून), याश्वी ज्वेलर्स (2 जून) और राजनिंदिनी फैशन इंडिया (3 जून) के निर्गम शामिल हैं। अगर, आप नए निवेश के मौके तलाश रहे हैं या बस बाजार की गहमागहमी देखना चाहते हैं तो भारतीय प्राथमिक बाजार में यह सप्ताह काफी रोमांचक रहने वाला है!