महंगे कच्चे तेल और बॉन्ड यील्ड बढ़ने से शेयर बाजार में भारी गिरावट
बुधवार (2 सितंबर) को भारतीय शेयर बाजारों के लिए सुबह की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 618.22 अंक नीचे आ गया, वहीं निफ्टी भी फिसलकर 23,836.50 पर पहुंच गया।
इस गिरावट के पीछे कई वजहें रहीं, जिसमें कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, वैश्विक बॉन्ड यील्ड का बढ़ना और अमेरिका में ब्याज दरें जल्द बढ़ने की आशंका शामिल हैं। इन सब बातों से निवेशक थोड़े चिंतित दिख रहे हैं।
एशियाई बाजार भी लुढ़के
अमेरिका और ईरान के बीच रात भर चली झड़पों के बाद बेंट क्रूड तेल की कीमत 95.4 डॉलर (करीब 9,000 रुपये) प्रति बैरल तक जा पहुंची। इससे एक बार फिर महंगाई बढ़ने का डर सताने लगा है।
एशियाई बाजारों पर भी इसका सीधा असर दिखा और उनमें भारी गिरावट दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3 फीसदी गिर गया, जापान का निक्केई 2.2 फीसदी नीचे आया, जबकि जापान को छोड़कर MSCI एशिया-पैसिफिक इंडेक्स में 0.8 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
वैश्विक बॉन्ड यील्ड बढ़ने की वजह से अब निवेशक हर जगह फूंक-फूंककर कदम रख रहे हैं और भारत भी इससे अछूता नहीं है।