8वें वेतन आयोग की अगले महीने इन तारीखों को होंगी अहम बैठकें
8वां वेतन आयोग जुलाई में भुवनेश्वर और कोलकाता में अहम बैठकें आयोजित करने जा रहा है। इन बैठकों का मुख्य मकसद वेतन, भत्ते और पेंशन से जुड़ी नई सिफारिशें तैयार करना है।
इन सुझावों का पूरे देश के करीब 1.15 करोड़ लोगों पर सीधा असर पड़ेगा। इस टीम की अगुवाई सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। टीम का लक्ष्य है कि वे साल 2027 के मध्य तक अपनी आखिरी रिपोर्ट सौंप दें।
बैठकों के लिए रजिस्ट्रेशन हुए बंद
भुवनेश्वर में 6-7 जुलाई और कोलकाता में 9-10 जुलाई को होने वाली इन बैठकों के लिए रजिस्ट्रेशन पहले ही बंद हो चुके हैं। इससे पहले, आयोग की टीम ने दूसरे राज्यों में भी जाकर लोगों से बातचीत की थी, ताकि वेतन और पेंशन पर उनकी राय जान सके।
हितधारकों को अपने सुझाव भेजने के लिए 15 जून तक का समय दिया गया था। हालांकि, जो लोग ऑनलाइन डाटा भेज रहे थे, उनके लिए यह समय सीमा 30 जून तक बढ़ा दी गई थी।
आयोग ने जानकारी दी है कि आगे भी ऐसी चर्चाएं होंगी, ताकि कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले सभी की बात सुनी जा सके।