जापान में 1995 के बाद पहली बार बढ़ेगी इतनी ब्याज दर
जापान का केंद्रीय बैंक अपनी मुख्य ब्याज दर को 1 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। ऐसा 1995 के बाद पहली बार होगा, जब बैंक ब्याज दर में इतनी बढ़ोतरी करेगा।
दरअसल, बैंक अपनी बेहद कम ब्याज दरों वाली नीति से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है। खास बात है कि यह फैसला बैंक के बोर्ड द्वारा लिया जाएगा, लेकिन बैंक के प्रमुख काजुओ उएदा इस बैठक का हिस्सा नहीं होंगे क्योंकि वे चिकित्सकीय कारणों से छुट्टी पर हैं।
आगे भी बढ़ सकती है ब्याज दर
जापान में महंगाई लगातार बढ़ रही है। थोक महंगाई 3 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है और कमजोर येन की वजह से आयात भी महंगा हो गया है।
हालांकि, सरकारी सब्सिडी के कारण रोजमर्रा की चीजों के दाम कुछ हद तक कम बने हुए हैं, फिर भी महंगाई का कुल दबाव बढ़ रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर, यही स्थिति बनी रही तो इस साल के आखिर तक ब्याज दर में एक और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, दुनियाभर में बनी अनिश्चितता को देखते हुए बैंक ऑफ जापान अभी थोड़ा लचीला रवैया अपना रहा है।