सैमसंग के शेयरों में बढ़त ने दक्षिण कोरिया बाजार को दिया सहारा
दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार ने बुधवार को 3 महीने के निचले स्तर से उबरते हुए शानदार वापसी की। कोस्पी इंडेक्स 1.49 फीसदी उछल गया।
निवेशकों ने बाजार में आई गिरावट का फायदा उठाया और खरीदारी की। बड़ी टेक कंपनियों की दमदार कमाई ने भी इसमें जान फूंक दी, खासकर सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने, जिसके शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया। SK हाईनिक्स के शेयर भी थोड़े चढ़े। हालांकि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर इतनी चर्चा के बावजूद इसमें उम्मीद से कम ही बढ़ोतरी दिखी।
विदेशी निवेशकों ने खरीदे करीब 1,700 करोड़ रुपये के शेयर
विदेशी निवेशकों ने इस वापसी में बड़ी भूमिका निभाई और 18.18 करोड़ डॉलर (करीब 1,700 करोड़ रुपये) के शेयर खरीदे।
विश्लेषकों ने बताया कि बाजार 'ओवर-सोल्ड' हो चुका था और अपने रिकॉर्ड निचले मूल्यांकन पर था, जिस वजह से विदेशी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की उम्मीदों और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बने सकारात्मक माहौल ने भी बाजार को सहारा दिया।
इस दौरान, दक्षिण कोरिया की करेंसी वॉन, डॉलर के मुकाबले थोड़ी फिसली और कुछ बॉन्ड यील्ड में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।