AI से कर्मचारियों पर आराम की जगह बढ़ रहा काम का दबाव
टेक कंपनियाें के कर्मचारियों को लगता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने से उनका काम आसान हो जाएगा और सप्ताह छोटे हो जाएंगे। 4 दिन के सप्ताह और ज्यादा खाली समय की बातें भी खूब हो रही हैं।
दूसरी तरफ, OpenAI और मेटा जैसी कंपनियों में काम करने वाले कई कर्मचारियों के लिए सच्चाई कुछ और ही है। काम कम होने के बजाय कुछ लोग तो काफी दबाव भरे समय के दौरान 90 घंटे तक काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें आराम करने या छुट्टी लेने का मौका भी नहीं मिल पा रहा है।
AI बढ़ा रहा है काम के घंटे
UC बर्कले के एक अध्ययन में पाया गया है कि AI का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारी अब तेजी से काम कर रहे हैं। वे ज्यादा तरह के काम भी संभाल रहे हैं और साथ ही दिन के ज्यादा घंटों तक काम कर रहे हैं।
कर्मचारियों का यह भी कहना है कि वे AI के नतीजों को दोबारा जांचने में बहुत समय लगाते हैं। OpenAI के एक पूर्व कर्मचारी ने बताया, "आप शनिवार या रविवार को भी दफ्तर जाते हैं, केवल काम पूरा करने या यह देखने के लिए कि कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं हो गई है।"
अब तक तो ऐसा ही लग रहा है कि यह नई तकनीक लोगों का समय बचाने के बजाय उन पर और दबाव बना रही है।