टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टीवी नरेंद्रन ने भारत में चीनी स्टील के बढ़ते आयात को लेकर चिंता जाहिर की है।
उनका कहना है कि ये आयात अब भारत के कुल तैयार स्टील आयात का लगभग एक-तिहाई हो गए हैं, जिससे उन स्थानीय उत्पादकों को नुकसान हो सकता है, जो पहले से ही अपनी फैक्ट्रियों का विस्तार करने में भारी निवेश कर रहे हैं।
इस समस्या का कोई समाधान ढूंढने के लिए भारतीय स्टील निर्माताओं और सरकार के बीच बातचीत चल रही है।
टाटा स्टील का विस्तार पर जोर
इन चिंताओं के बावजूद अभी कोई नया आयात प्रतिबंध लगने की उम्मीद नहीं है। टाटा स्टील जैसी कंपनियां अभी भी उत्पादन बढ़ाने की अपनी योजनाओं पर आगे बढ़ रही हैं।
टाटा का लक्ष्य है कि वह 2033-2035 तक सालाना 4 करोड़ मीट्रिक टन उत्पादन तक पहुंच जाए। कंपनी को बढ़ती लौह अयस्क की लागत से भी जूझना पड़ रहा है और वह अपना कोकिंग कोल मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया से लेती है।
इस बीच, टाटा स्टील डच सरकार से वित्तीय सहायता की तलाश कर रही है, लेकिन फिलहाल विदेशों में कोयला खदानें खरीदने पर विचार नहीं कर रही है।