TCS कर रही पोर्शे की MHP मैनेजमेंट कंपनी को खरीदने की तैयारी
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) जर्मनी की स्पोर्ट्स कार बनाने वाली कंपनी पोर्शे की कंसल्टिंग और टेक्नोलॉजी सहायक कंपनी MHP मैनेजमेंट को 37.30 करोड़ डॉलर (करीब 3,500 करोड़ रुपये) में खरीदेगी।
इससे कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इस सौदे से 1.4 अरब डॉलर (करीब 130 अरब रुपये) की 5 साल की रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत भी होगी। इसके जरिए कंपनी ने एक अरब यूरो (करीब 110 अरब रुपये) के राजस्व कमाने का लक्ष्य रखा है।
इस कदम से TCS को MHP की ऑटोमोटिव क्षेत्र की विशेषज्ञता और यूरोप के बड़े ग्राहक नेटवर्क तक पहुंचने का मौका मिलेगा। टेक कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के कृतिवासन ने इस सौदे को यूरोप में कंपनी के कारोबार को आगे बढ़ाने वाला एक बड़ा कदम बताया है।
पूरा कर पाएगी डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की मांग
MHP के साथ हाथ मिलाने से TCS यूरोप में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की बढ़ती मांग को और बेहतर ढंग से पूरा कर पाएगी। इस साझेदारी से TCS अपने वैश्विक वितरण मॉडल का फायदा उठाकर काम को ज्यादा कुशल बनाएगी और मुनाफा भी बढ़ाएगी।
साथ ही, भारतीय कंपनी नए बाजारों में अपने खास और नए टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस के साथ अपनी मौजूदगी और मजबूत करेगी।