सुजलॉन एनर्जी आंध्र प्रदेश में करेगी 10,000 करोड़ रुपये निवेश
सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में नए पवन ऊर्जा परियोजनाओं में 10,000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करने जा रही है। इसका मुख्य मकसद गोविंदवाड़ा में 1,325 मेगावाट (MW) नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) का उत्पादन करना है, जिससे लगभग 4,000 लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
इस पहल से कंपनी को उम्मीद है कि वह 2030 तक अतिरिक्त 5,000MW रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स स्थापित कर पाएगी।
12,000 युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
सुजलॉन की आंध्र प्रदेश में पहले से ही 1,700MW से ज्यादा की मजबूत मौजूदगी है। अनंतपुर में स्थित इसका ब्लेड प्लांट कंपनी के कुल ब्लेड उत्पादन का करीब 40 फीसदी हिस्सा तैयार करता है और इसने जिले में लगभग 2,200 युवाओं को रोजगार भी दिया है। अब कंपनी राज्य सरकार के साथ मिलकर एक 'ग्रीन स्किल' पहल की शुरुआत कर रही है।
इस पहल के तहत विजयवाड़ा और उरावकोंडा में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां 12,000 युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण मिलेगा। इन केंद्रों में प्रशिक्षण पाने वाले युवाओं में 25 फीसदी महिलाएं होंगी। साथ ही, 25 अगस्त को राज्य के मंत्री नारा लोकेश नई प्रोडक्शन लाइनें लॉन्च करेंगे।