Loading...
शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,300 अंक से ज्यादा उछला, क्या है तेजी की वजह?
छुट्टियों के बाद भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी

शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,300 अंक से ज्यादा उछला, क्या है तेजी की वजह?

Nov 11, 2026
10:37 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (11 नवंबर) सुबह से ही तेजी देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 1,300 अंकों से अधिक की उछाल दर्ज हुई। आज सुबह 10:15 के करीब सेंसेक्स 1,133 अंकों की बढ़त के साथ 82,240 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 292 अंक चढ़कर 25,337 पर पहुंच गया। छुट्टियों के बाद बाजार में लौटी इस तेजी से निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है।

#1

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिली राहत

बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट है।

मंगलवार को ब्रेंट क्रूड का भाव 2 महीने के निचले स्तर 89.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था। अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ आगे सैन्य कार्रवाई की आशंका कम किए जाने से तेल की आपूर्ति बाधित होने का डर कम हुआ है।

हालांकि, बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में मामूली बढ़त दर्ज की गई और भाव करीब 92 डॉलर रहा।

#2

विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को सहारा

विदेशी निवेशकों की ओर से भारतीय शेयरों में की गई खरीदारी ने भी बाजार को मजबूती दी है।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने एक कारोबारी सत्र में करीब 7,212 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बाजार में विदेशी पूंजी आने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और खरीदारी को गति मिली।

छुट्टियों के बाद कारोबार शुरू होने पर इस निवेश का असर बाजार पर साफ दिखाई दिया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई।

ADVERTISEMENT

#3

एशियाई बाजारों और अमेरिकी वायदा कारोबार में तेजी

भारतीय बाजार को वैश्विक संकेतों से भी समर्थन मिला है।

बुधवार को MSCI एशिया पैसिफिक सूचकांक में 0.8 फीसदी की बढ़त रही। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी चढ़कर कारोबार करते दिखे। हालांकि, चीन और हांगकांग के बाजारों में गिरावट रही।

मंगलवार को अमेरिकी बाजार में बिकवाली के बाद बुधवार को नैस्डैक 100 और S&P 500 के वायदा कारोबार में तेजी आई, जिससे निवेशकों को राहत मिली है।

ADVERTISEMENT