Page Loader
शेयर बाजार में सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा ऊपर, क्या है इस तेजी की वजह?
शेयर बाजार में सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा ऊपर (तस्वीर: फ्रीपिक)

शेयर बाजार में सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा ऊपर, क्या है इस तेजी की वजह?

Jun 24, 2025
10:23 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (24 जून) तेजी देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा उछल गया और निफ्टी 50 ने 25,250 का स्तर छू लिया। सेंसेक्स 82,534 पर खुला और 82,835 तक पहुंचा, जबकि निफ्टी 25,179 पर खुला और 25,250 का ऊपरी स्तर छू गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी एक फीसदी से ज्यादा की तेजी रही, जिससे निवेशकों को करीब 4 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ।

युद्ध विराम

युद्ध विराम की घोषणा से बाजार में लौटा भरोसा 

भारतीय शेयर बाजार में आज तेजी की पहली बड़ी वजह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इजरायल-ईरान युद्ध विराम की घोषणा है। ट्रंप ने इसे 12 दिवसीय युद्ध का अंत बताया, जिससे दुनियाभर के बाजारों में भरोसा लौटा। एशियाई बाजारों में भी तेजी देखी गई, जापान का निक्केई और कोरिया का कोस्पी उछले। इस घटनाक्रम ने निवेशकों को हाल की गिरावट के बाद फिर से इक्विटी खरीदने के लिए प्रेरित किया।

 तेल 

कच्चे तेल में गिरावट और रुपये में मजबूती 

युद्ध विराम के बाद कच्चे तेल की कीमतें तेजी से गिर गईं, जिससे भारतीय बाजार को राहत मिली। ब्रेंट क्रूड लगभग 3 प्रतिशत गिरकर 70 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गया। इससे रुपये में मजबूती आई और डॉलर के मुकाबले यह 65 पैसे चढ़कर 86.13 पर पहुंच गया। तेल सस्ता होने से महंगाई पर दबाव घटेगा और निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। मजबूत रुपया विदेशी निवेश को भी आकर्षित कर सकता है।

अन्य

निवेशक फिर से शेयरों की ओर लौटे 

तनाव कम होने से निवेशकों ने सोना और डॉलर जैसी सुरक्षित संपत्तियों को बेचकर तेजी से शेयरों की ओर रुख किया। सोने की कीमत 97,000 रुपये से नीचे आ गई और डॉलर इंडेक्स में भी गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों का ध्यान अब फिर से भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति, बेहतर आय अनुमान, घरेलू मांग और खुदरा निवेशकों की बढ़ती भागीदारी जैसे घरेलू कारणों पर है, जिससे बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है।