Page Loader
डोनाल्ड ट्रंप ने किया इजरायल और ईरान युद्ध विराम का दावा, तेहरान ने कही ये बात
डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और ईरान युद्ध समाप्ति का दावा किया

डोनाल्ड ट्रंप ने किया इजरायल और ईरान युद्ध विराम का दावा, तेहरान ने कही ये बात

लेखन गजेंद्र
Jun 24, 2025
08:39 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान-इजरायल युद्ध समाप्त होने का बड़ा दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया ट्रुथ पर लिखा कि ईरान और इजरायल युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं, अब से 6 घंटे बाद दोनों देश अपने अंतिम मिशन को पूरा कर लेंगे, जिसके बाद युद्ध समाप्त माना जाएगा। तेहरान ने पहले ट्रंप के दावे से इंकार किया, लेकिन बाद में उसने युद्ध विराम के संकेत दिए। हालांकि, इस बीच इजरायल पर हमला हुआ है।

दावा

ट्रंप ने क्या कहा?

ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'सभी को बधाई! इजरायल-ईरान के बीच पूरी तरह से सहमति बन गई है कि 12 घंटों के लिए पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम होगा (अब से 6 घंटे बाद, जब इजरायल-ईरान अपने अंतिम मिशनों को पूरा कर लेंगे!), जिसके बाद युद्ध को समाप्त माना जाएगा! आधिकारिक तौर पर, ईरान और 12वें घंटे में, इजरायल युद्ध विराम की शुरुआत करेगा। 24वें घंटे में, 12 दिवसीय युद्ध के आधिकारिक अंत को दुनिया द्वारा सलामी दी जाएगी।'

बयान

मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था युद्ध- ट्रंप

ट्रंप ने आगे लिखा, 'प्रत्येक युद्ध विराम के दौरान, दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक रहेगा। इस धारणा पर कि सब कुछ वैसा ही काम करेगा जैसा कि होना चाहिए, जो कि होगा, मैं इजरायल-ईरान को बधाई देना चाहता हूंं कि उनके पास 12 दिवसीय युद्ध को समाप्त करने के लिए सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता है। यह युद्ध सालों तक चल सकता था और पूरे मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और न ही कभी होगा!'

दावा

ईरान और इजरायल मेरे पास शांति के लिए आए- ट्रंप

इस पोस्ट के 4 घंटे बाद ट्रंप ने दूसरा पोस्ट कर लिखा, 'इजरायल-ईरान लगभग एक साथ मेरे पास आए और कहा, शांति! मुझे पता था कि अब समय आ गया है। दुनिया और मध्य पूर्व ही असली विजेता हैं! दोनों राष्ट्र अपने भविष्य में जबरदस्त प्रेम, शांति और समृद्धि देखेंगे। उनके पास पाने के लिए बहुत कुछ है, और धर्म-सत्य के मार्ग से भटक गए तो उन्हें खोने के लिए बहुत कुछ है। इजरायल और ईरान का भविष्य असीमित है।'

बयान

ईरान का युद्ध विराम पर क्या कहना है?

रॉयटर्स के मुताबिर, ईरान ने युद्ध समाप्ति के लिए कतर की मध्यस्थता में अमेरिका द्वारा दिए गए युद्ध विराम प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की है। हालांकि, इसका आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अघारची ने एक्स पर कहा कि अभी युद्ध विराम पर कोई समझौता नहीं हुआ है, अगर इजरायल अवैध आक्रमण सुबह 4 बजे से पहले बंद करेगा, तो ईरान प्रतिक्रिया नहीं देगा, युद्ध विराम पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा।

हमला

युद्ध विराम की संभावना के बीच इजरायल पर ईरान का हमला, बीर्शेबा में 3 की मौत

ईरान और इजरायल के बीच युद्ध विराम की संभावना की जताई जा रही हैं, जबकि इजरायल में मिसाइल हमलों की जानकारी सामने आई है। यरूशलम के ऊपर इजरायली वायु रक्षा प्रणाली द्वारा एक ईरानी मिसाइल को रोक दिया गया। पूरे मध्य और दक्षिणी इजरायल में सायरन बजा दिए गए हैं। हालांकि, इससे पहले IDF ने युद्ध विराम की संभावना पर लोगों को आश्रय छोड़ने के लिए कह दिया था। बीर्शेबा में ईरानी हमले में 3 की मौत हुई है।